- मेहंदीपुर बालाजी में ब्लाइंड मर्डर का 7 दिन में खुलासा, बुलंदशहर की महिला की हत्या का राज खुला
- बालाजी दर्शन के बहाने महिला को यूपी से राजस्थान लाए आरोपी, सुनसान पहाड़ी पर उतारा मौत के घाट
- हत्या के बाद शव मोरा माता मंदिर की पहाड़ी की झाड़ियों में छिपाकर दोनों आरोपी हुए फरार
दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस ने मोरा माता मंदिर की पहाड़ी पर मिले अज्ञात महिला के शव के ब्लाइंड मर्डर का 7 दिन में खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी. उसका नाम जुबेर उर्फ संगीता बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, महिला पिछले करीब दो महीने से युवक गजेन्द्र के संपर्क में थी और उस पर अपनी पत्नी को छोड़कर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर गजेन्द्र ने अपने दोस्त विवेक के साथ महिला की हत्या की साजिश रची.
बालाजी दर्शन के बहाने राजस्थान लाई महिला
दौसा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों ने महिला को मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कराने का बहाना बनाया. दोनों आरोपी उसे बुलंदशहर से राजस्थान लेकर आए. इसके बाद मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र की सुनसान पहाड़ी पर ले जाकर महिला का गला दबाया और पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
17 अगस्त को मिला था अज्ञात महिला का शव
17 अगस्त को मोरा माता मंदिर के पास ग्राम बहम्वाद की पहाड़ी पर करीब 22 वर्षीय महिला का रक्तरंजित शव मिला था. महिला ने पीला सूट और सफेद सलवार पहन रखी थी. चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण उसकी पहचान मुश्किल थी. शव के पास कोई पहचान दस्तावेज या मोबाइल भी नहीं मिला था. ऐसे में पुलिस के सामने पहले मृतका की पहचान करना बड़ी चुनौती थी.
700 किलोमीटर तक तलाश और 1000 CCTV की जांच
दौसा पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की. टीमों ने करीब 700 किलोमीटर का सफर तय किया. दौसा सहित जयपुर अलवर करौली सवाई माधोपुर डीग भरतपुर और धौलपुर में तलाश की गई. इसके अलावा यूपी के मथुरा अलीगढ़ आगरा फिरोजाबाद एटा मैनपुरी बदायूं तथा मध्यप्रदेश के ग्वालियर और उज्जैन तक जानकारी जुटाई गई. पुलिस ने बस स्टैंड रेलवे स्टेशन होटल धर्मशाला और सार्वजनिक स्थानों पर मृतका की पहचान के प्रयास किए. वहीं, करीब 1000 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. साइबर सेल की तकनीकी जांच से मिले सुरागों ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचा दिया.
25-25 हजार के इनामी दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गजेन्द्र उर्फ सोनू मीना उम्र 24 वर्ष निवासी जीराजपुर थाना अहमदगढ़ और विवेक मीना उम्र 21 वर्ष निवासी अजीजाबाद थाना पहासू जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है. दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था. पूरी कार्रवाई आईजी जयपुर रेंज राहुल प्रकाश और एसपी दौसा पीयूष दीक्षित के निर्देश पर हुई.
यह भी पढ़ें- Watch Video: इलेक्ट्रिक ट्रैक लगाती ट्रेन के सामने कूदने वाली थी महिला, दौड़कर बचाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं