- झुंझनूं जिले की युवती अनिता सैनी ने सरपंच पद के चुनाव में 24 घंटे मुफ्त एंबुलेंस सेवा का वादा किया है
- अनिता ने गांव के कुंवारे युवकों की शादी कराने की लिखित गारंटी देने का अनूठा चुनावी वादा किया है
- जरूरत पड़ने पर अनिता बिहार तक जाकर रिश्ते ढूंढ़ कर कुंवारों की शादी सुनिश्चित करने की बात कह चुकी हैं
Rajasthan Panchayat Chunav 2026: यूं तो चुनाव में सड़क, नाली और बिजली-पानी के वादे आम बात हैं, लेकिन राजस्थान में झुंझनूं जिले की नवलगढ़ तहसील के गांव झाझड़ में सरपंच पद की दावेदारी ठोक रही एक युवती ने दो ऐसे अनूठे वादे किए हैं जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है. चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही इस युवती का नाम अनिता सैनी है और उसने वादा किया है कि यदि वो सरपंच बनी तो गांव में 24 घंटे एंबुलेंस की सेवा और कुंवारे लड़कों की शादी की गारंटी देगी. युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रहा है.
कुंवारों को शादी की लिखित गारंटी, जरूरत पड़ी तो जाएंगी बिहार
चुनाव में उतरने की तैयार कर रही अनिता सैनी ने गांव के उन युवकों की नब्ज पकड़ी है जो लंबे समय से कुंवारे हैं और शादी के लिए परेशान हैं. अनिता ने गारंटी देते हुए कहा है कि यदि गांव वाले उन्हें सरपंच चुनते हैं, तो वह गांव के सभी कुंवारे युवकों की शादी करवाने की पूरी जिम्मेदारी लेंगी. उन्होंने वीडियो में साफ कहा कि इसके लिए उन्हें चाहे दूसरे गांवों के चक्कर लगाने पड़े या फिर बिहार तक क्यों न जाना पड़े, वह रिश्ते ढूंढकर शादी करवा कर ही दम लेंगी.
24 घंटे फ्री एंबुलेंस का भी वादा
शादी कराने की अनूठी गारंटी के साथ ही अनिता सैनी ने गांव की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी एक बड़ा वादा किया है. उन्होंने कहा कि गांव के विकास के काम तो कोई भी सरपंच करवा सकता है, लेकिन वह चुनाव जीतने के बाद झाझड़ गांव के लोगों के लिए चौबीसों घंटे एंबुलेंस की मुफ्त सुविधा उपलब्ध करवाएंगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में किसी ग्रामीण को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े. वो इस वादे की भी लिखित गारंटी देने को तैयार हैं.
सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा वीडियो
अनिता सैनी ने अपने वायरल वीडियो में ग्रामीणों से भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी चुनाव लड़ने को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसे लोगों का भरपूर समर्थन मिला. अब वह चाहती हैं कि उनका यह अनोखा संदेश झाझड़ गांव के घर-घर तक पहुंचे. उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर उनके कोई रिश्तेदार या परिचित झाझड़ गांव में रहते हैं, तो उन तक यह वीडियो जरूर शेयर करें और उन्हें एक बार मौका देकर सरपंच बनाएं.कुंवारों की शादी कराने के इस अनूठे चुनावी वादे ने न सिर्फ झाझड़ गांव बल्कि पूरे झुंझुनूं जिले में हलचल मचा दी है और लोग इस पर तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बालाघाट में 32+ बच्चों की मौत: न महामारी विशेषज्ञ, न लैब; केंद्र की रिपोर्ट में MP सरकार की खुली पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं