विज्ञापन
This Article is From Aug 27, 2012

जारी रही बादलों की मेहरबानी

नई दिल्ली: उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को हल्की से तेज बारिश हुई। राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग अगले 48 घंटे के अंदर उत्तर भारत के कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश की सम्भावना जताई है।

पूर्वोत्तर भारत, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल में जमकर बारिश हुई। उत्तर भारत में सबसे अधिक बारिश हरियाणा के करनाल में 12 सेंटीमीटर एवं राजस्थान के उदयपुर में आठ सेंटीमीटर हुई।  

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिनभर उमस के शाम विभिन्न इलाकों में हल्की से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में शहर में 26 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

शहर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, "कल (सोमवार) आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और दिन में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 एवं 25 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।"

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पिछले कई दिनों से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से लोगों को एक तरफ  जहां उमस से राहत मिली, वहीं गंगा, घाघरा एवं शारदा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि राज्य के पश्चिमी एवं पूर्वी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की सम्भावना है।

गुप्ता के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से पश्चिमी उप्र में किसानों को काफी राहत मिली है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के गोरखपुर, आजमगढ़, लखीमपुर खीरी, बलिया एवं वाराणसी में बाढ़ की स्थिति आ गई है।

मध्य प्रदेश में मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आगामी 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है, मगर पूर्वी हिस्से के एक दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान के कई हिस्सों में 12 घंटे के दौरान बारिश होने से बाढ़ के हालात में विशेष सुधार नहीं हुआ है। राजधानी जयपुर में पांच तो उदयपुर में आठ सेंटी मीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के अंदर राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बादलों की मेहरबानी, Rain Continue In North India, Rain, बारिश
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com