विज्ञापन

अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र कर राहुल गांधी ने सुनाया सोनिया और राजीव गांधी की लड़ाई का किस्सा

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि राजीव गांधी की मौत ने उनकी मां को बदल दिया. राहुल ने अंत में कहा, मां पापा आपको प्यार करते थे, उन्हें आप पर गर्व होगा.

अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र कर राहुल गांधी ने सुनाया सोनिया और राजीव गांधी की लड़ाई का किस्सा
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी काफी खुश और भावुक नजर आए.
  • सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में देश के कई प्रमुख नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए
  • राहुल गांधी ने बताया कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच एक बार तनावपूर्ण झगड़ा हुआ था
  • राहुल के अनुसार राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी का व्यक्तित्व पूरी तरह बदल गया

सोमवार को गांधी परिवार के कई किस्से सार्वजनिक हुए. मौका था सोनिया गांधी के संस्मरण  'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन का. नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के कई दिग्गजों ने शिरकत की. राहुल गांधी ने इस मौके पर अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी और राजीव गांधी की लड़ाई का एक किस्सा भी सुनाया. 

गर्लफ्रेंड का खुलासा

राहुल गांधी ने अपनी गर्लफ्रेंड का खुलासा करते हुए बताया, "मैं कैंब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट में लेकर गया जहां मेरे माता-पिता पहली बार मिले थे." इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने एक बार सोनिया गांधी और राजीव गांधी को लड़ते हुए भी देखा था. राहुल ने बताया, 'तब पापा अमरिंदर सिंह से फोन पर बात कर रहे थे. सोनिया गांधी से राजीव से कुछ कहना चाह रही थीं और उन्होंने अपनी बात तीन-चार बार दोहराई. पापा तनाव में आ गए, और बस इसी बात पर झगड़ा हो गया."

सोनिया-राजीव का प्यार

इसके बाद राहुल गांधी ने एक और किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया, "हर बार खाते समय मेरी मां (सोनिया) हमेशा पिताजी (राजीव गांधी) की गोद में बैठी रहती थीं.हर खाने के समय पापा होते थे, और पापा की गोद में मां होती थीं. मुझे लगता था कि यह एक सामान्य बात है.” उन्हें यह इतना आम लगा कि एक बार उन्होंने अपने एक दोस्त से पूछा, “तुम्हारी मां तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठतीं?” 

फिर बदल गईं सोनिया गांधी

राहुल गांधी ने कहा, "उनके माता-पिता के बीच का रिश्ता पारिवारिक जीवन की छोटी-छोटी दिनचर्या में सबसे साफ तौर पर दिखाई देता था. लेकिन फिर हमने देखा कि यह सब एक के बाद एक बिखर गया. पहले, हमने अपना मुख्य सहारा (इंदिरा गांधी) खो दिया—उन्हें गोली मार दी गई. और फिर सबसे बड़ा सहारा (राजीव गांधी)—उनके चिथड़े उड़ा दिए गए. मेरी मां को सब याद है, लेकिन जब पापा की हत्या हुई, उसकी याद नहीं. वो उनके लिए बहुत डरावना वक्त था. उनके (राजीव के) जाने के बाद हमने एक बदली हुई मां देखा."

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि राजीव की मौत ने उनकी मां को बदल दिया. उन्होंने कहा, “वे मेरे पिता की थीं, और मेरे पिता उनके थे. और फिर मेरे पिता चले गए.” राहुल ने याद किया कि हत्या के बाद, उनकी “हंसमुख और खुशमिजाज मां” कैसे बदल गईं. उन्होंने कहा, “सच कहूं तो, उनके जीवन की लौ ही बुझ गई थी. मेरी मां चार बार कैंसर से उबरी हैं. मैंने कभी उन्हें भयभीत नहीं देखा." राहुल ने अंत में कहा, मां पापा आपको प्यार करते थे, उन्हें आप पर गर्व होगा.“

सोनिया गांधी ने बताई किताब लिखने की वजह

सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने यह संस्मरण इसलिए लिखा क्योंकि उनके परिवार के बारे में ऐसी बहुत सी बातें कही गई थीं, जिनका उन लोगों से कोई लेना-देना नहीं था, जिन्हें वह जानती थीं. उन्होंने कहा, “आपके बारे में तरह-तरह की कहानियां गढ़ी जाती हैं, झूठ फैलाए जाते हैं और ऐसी बातें कही जाती हैं जो दुख पहुंचाती हैं, जबकि उनका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं होता. मुझे लगा कि यह अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का एक तरीका है—अपने परिवार के बारे में जो कुछ मैं जानती हूं, उसे सामने लाने का. शायद लोग मेरी कहानी सुनने के लिए भी तैयार हों.”

इस किताब के विमोचन कार्यक्रम में विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए, जिनमें पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव शामिल थे. राहुल गांधी से कार्यक्रम के बाज जब इसको लेकर पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने कहा कि अब वो मेरी दोस्त हैं

यह भी पढ़ें | सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे कई पुराने कांग्रेसी- जनार्दन द्विवेदी, मोंटेक और कौन-कौन?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Sonia Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com