- राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ भगवा वेश में प्रदर्शन के दौरान केस दर्ज किया गया है
- पुलिस ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया था
- मामला एक विवादित प्रदर्शन से जुड़ा है जिसमें भगवा वस्त्र पहनकर विरोध जताया गया था
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, सांसद पप्पू यादव और अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ वाराणसी में केस दर्ज हुआ है. यह मामला संसद भवन में प्रदर्शन को लेकर दर्ज हुआ है. संसद भवन में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पप्पू यादव भगवा वेश में नजर आए थे. इस दौरान वह प्रतीकात्मक तौर पर दान पात्र लेकर बैठे थे. राहुल गांधी ने दान पात्र में कुछ पैसे डाले थे और फिर पप्पू यादव भागते दिखे थे. इसके जरिए राम मंदिर चढ़ावा चोरी को दर्शाने का प्रयास किया गया था. इस तरह भगवा ड्रेस में चोरी की घटना को दिखाने पर आपत्ति जताई जा रही है. भाजपा के अलावा कुछ अन्य संगठनों ने भी इसे लेकर निशाना साधा है. यही नहीं अब तीनों नेताओं के खिलाफ केस ही दर्ज कराया गया है.
संतों की शिकायत के आधार पर वाराणसी के कोतवाली पुलिस स्टेशन में यह केस दर्ज हुआ है. इस मामले में तीनों सांसदों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है. इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में संतों ने ऐतराज जताया है. इसके अलावा भाजपा, विश्व हिंदू परिषद समेत कई संगठनों का भी कहना है कि भगवा वेश में चोरी करते हुए दिखाना हिंदुओं का अपमान है. इसी को लेकर वाराणसी के कुछ संतों ने पुलिस में शिकायत दी थी और उसके आधार पर केस दर्ज हो गया है.
भगवा के अपमान को मुद्दा बनाने की कोशिश में भाजपा, VHP भी भड़की
पप्पू यादव, राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद की ओर से ऐसी एक्टिंग किए जाने को लेकर कुछ जानकार यह भी कह रहे हैं कि यह इंडिया गठबंधन को नुकसान पहुंचा सकता है. इन लोगों का कहना है कि इससे हिंदुत्व को गलत ढंग से प्रस्तुत करने का आरोप चस्पा हो सकता है. भाजपा और विश्व हिंदू परिषद ने तो सीधे तौर पर इसे हिंदुओं के अपमान से जोड़ दिया है. भाजपा के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का कहना है कि क्या किसी और धर्म का मामला होता तो उनके जैसी ड्रेस पहनकर क्या चोरी की घटना को फिल्माया जा सकता था. इसी को लेकर विश्व हिंदू परिषद के नेता आलोक कुमार ने भी आपत्ति जताई है. यही नहीं लखनऊ में एक संगठन ने प्रदर्शन भी किया है और अखिलेश यादव एवं पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले भी जलाए हैं.
यह भी पढ़ें: भगवा वेश में चढ़ावा चोरी की रिहर्सल कर हिट विकेट हुआ विपक्ष? क्या पप्पू और राहुल गांधी ने कर दी चूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं