- शकील अहमद बोले- राहुल गांधी लोकप्रिय और सीनियर नेताओं से खतरा महसूस करते हैं.
- शकील अहमद ने कहा- खरगे अध्यक्ष हैं, मालिक राहुल जी.
- कांग्रेस नेतृत्व पर सीधे हमला में शकील अहमद बोले- वरिष्ठ नेता अपमानित लेकिन अगली पीढ़ी की चिंता में चुप.
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता शकील अहमद ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को लेकर तीखा हमला बोला है. शकील अहमद ने राहुल गांधी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि "राहुल गांधी उन लोगों से खतरा महसूस करते हैं, जिनका जमीनी आधार है या जो अपने इलाके में लोकप्रिय होते हैं, खासकर ऐसे लोग जो उनसे राजनीतिक में वरिष्ठ हैं." कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद और बिहार के दिग्गज नेता रहे शकील अहमद ने बिहार चुनाव के बाद यह कहते हुए पार्टी छोड़ दी थी कि वो कांग्रेस में अपमानित महसूस कर रहे थे.
एक इंटरव्यू में शकील अहमद ने कहा, "राहुल गांधी जी जिस दिन अपना पहला चुनाव जीते उस दिन मैं अपना पांचवा चुनाव जीता. उनसे 19 साल पहले मैं सांसद, विधायक बन चुका था. लोगों का इन-बिल्ड कुछ होता है, तो जिनके साथ बैठने में उनको ये नहीं लगता है कि सामने वाला व्यक्ति उनको बॉस मान रहा है, ऐसे लोगों के साथ वो बैठने में असहज होते हैं." उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ऐसे नेताओं को जल्द से जल्द पार्टी से बाहर करना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: कांग्रेस में फिलहाल कोई वैकेंसी नहीं, राहुल और प्रियंका एक ही हैं

Photo Credit: ANI
शकील अहमद ने कहा,“पार्टी के अध्यक्ष भले ही खरगे जी हों, लेकिन मालिक तो राहुल जी ही हैं. राहुल गांधी पूरे कांग्रेस के नहीं, अपने ग्रुप के नेता हैं."
शकील अहमद ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के भीतर अपना एक अलग ग्रुप बना लिया है. कांग्रेस में आज कई ऐसे सीनियर नेता हैं जो अपमानित महसूस कर रहे हैं लेकिन चुप हैं, क्योंकि उन्हें अपनी अगली पीढ़ी की चिंता है. राहुल जी फिल्टर होकर मिलते हैं."
अब तो मेरी जानकारी बिल्कुल सही साबित हुई। काँग्रेस के पुराने साथियों का बहुत धन्यवाद।
— Dr Shakeel Ahmad (@Ahmad_Shakeel) January 26, 2026
हमारे बिहार में एक कहावत कि
पुराने दोस्त ही काम आते हैं।
क्या यह राहुल जी के आदेश के बिना हो रहा है? pic.twitter.com/qtgBCemfH4
राहुल गांधी के कामकाज की तरीके पर सवाल उठाते हुए शकील अहमद ने कहा, “राहुल जी फिल्टर होकर मिलते हैं. जिनसे मिलने से मना किया जाता है, उनसे वो नहीं मिलते.”
ये भी पढ़ें: कभी नहीं लांघी कांग्रेस की रेखा... शशि थरूर फिर बोले- ऑपरेशन सिंदूर के अपने रुख पर अब भी कायम

Photo Credit: ANI
सोनिया-नीतीश का फैन, पार्टी नहीं बदलूंगा
शकील अहमद ने 2014 का जिक्र करते हुए कहा,“2014 में नीतीश कुमार मुझे राज्यसभा भेजना चाहते थे. उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस से नाम आएगा तो राज्यसभा भेज देंगे. इस बारे में जब मैंने सोनिया गांधी से कहा तो उन्होंने कहा कि चार दिनों का समय चाहिए- फिर मना कर दिया.”
अभी अभी काँग्रेस के कुछ साथियों ने गुप्त रूप से मुझे ख़बर किया है कि काँग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बिहार कांग्रेस / युवा काँग्रेस को यह आदेश दिया है कि कल दिनांक 27 जनवरी को पुतला दहन के बहाने मेरे पटना और मधुबनी निवास पर आक्रमण किया जाय।
— Dr Shakeel Ahmad (@Ahmad_Shakeel) January 26, 2026
यह जनतंत्र के सिद्धांत के ख़िलाफ़ है।
राहुल गांधी पर तीखे आरोपों के बावजूद शकील अहमद ने कहा, “मैं राष्ट्रीय स्तर पर सोनिया गांधी का और प्रदेश के स्तर पर नीतीश कुमार का फैन हूं. लेकिन मैं किसी भी दूसरी पार्टी में नहीं जाउंगा. शकील अहमद के इन बयानों ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को फिर से चर्चा में ला दिया है.
ये भी पढ़ें: 'कांग्रेस में राहुल-प्रियंका में बढ़ रहा झगड़ा', दावोस में NDTV से खास बातचीत में बोले हिमंता बिस्वा सरमा

राहुल गांधी के साथ उदित राज
Photo Credit: X @RahulGandhi
खीज निकाल रहे शकील अहमद: उदित राज
वरिष्ठ नेताओं के 'अपमानित महसूस करने', राहुल गांधी के 'फिल्टर होकर मिलने' और 'पार्टी पर कब्जा' जैसे आरोपों ने कांग्रेस नेतृत्व पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि कांग्रेस नेता उदित राज ने शकील अहमद की बातों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, "राहुल जी उन्हीं लोगों को प्रमोट करते हैं जो पार्टी के लिए काम करते हैं. जो जनता से जुड़े हुए हैं. शकील अहमद जी अपनी खीज निकाल रहे हैं. हो सकता है कि उनकी महत्वकांक्षा पूरी न हुई हो."
ये भी पढ़ें: गुटबाजी और बयानबाजी बर्दाश्त नहीं.. पंजाब कांग्रेस के नेताओं से बोले राहुल, खरगे, फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन से भी इनकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं