नरेंद्र मोदी सरकार को 12 साल पूरे हो गए हैं. 2014 में प्रधानमंत्री की शपथ लेने के बाद वो लगातार 12 साल से इस पद पर हैं. वो ऐसा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने लगातार सबसे ज्यादा दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. इन 12 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी लगातार मजबूत हुई है. वहीं इस कार्यकाल के दौरान विपक्ष के निशाना पर भी पीएम मोदी रहे. उनके 12 साल के कार्यकाल को लेकर भी लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने निशाना साधा है. राहुल गांधी ने कहा कि 12 साल में गरीब विरोधी सरकार ने देश को कमजोर स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया.
राहुल गांधी ने साधा सरकार पर निशाना
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 12 वर्षों की गरीब-विरोधी आर्थिक नीतियों और कम्प्रोमाइज विदेश नीति ने आज देश को ऐसे हालात में ला खड़ा कर दिया है जहां लाखों गरीब परिवारों और महिलाओं को लकड़ी के जहरीले धुएं की तरफ धकेल दिया गया है. उज्ज्वला योजना में सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4 कर दिया गया. उस पर पिछले 3 महीनों में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 89 रुपये बढ़ा दिया गया. प्रवासी मजदूरों की जीवनरेखा, 5 किलो का सिलेंडर भी 323 रुपये महंगा कर दिया, वो कमाएगा क्या, खाएगा क्या, और बचाएगा क्या?' राहुल ने आगे लिखा, 'अरबपति मित्रों को लाखों करोड़ों की कर्जमाफी दिलाना और गरीबों को अपनी नाकामियों का बिल थमाना, ये लूट का मोदी मॉडल है.
12 वर्षों की गरीब-विरोधी आर्थिक नीतियों और compromised विदेश नीति ने आज देश को ऐसे हालात में ला खड़ा कर दिया है जहाँ लाखों गरीब परिवारों और महिलाओं को लकड़ी के ज़हरीले धुएं की तरफ धकेल दिया गया है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 9, 2026
उज्ज्वला योजना में सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4 कर दिया गया।…
अखिलेश यादव बोले- BJP सरकार ने देश के सामने संकट पैदा किया
वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश के सामने संकट पैदा किया है. महंगाई, लगातार बढ़ती जा रही है. भाजपा की केन्द्र और प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर फेल है. डीजल और अन्य ईंधन की कीमते बढ़ती जा रही है. यूरिया और अन्य खादों के लिए संकट की स्थिति है. खाद को लेकर भाजपा सरकार की कोई तैयारी नहीं है. किसान परेशान है. नौजवान नौकरी रोजगार के लिए भटक रहे है. भाजपा धोखेबाज पार्टी है. भाजपा ने हर वर्ग को धोखा दिया है.
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के 12 सालों में महिलाओं पर रहा खुद प्रधानमंत्री का फोकस, कैसे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं