- पंजाब में इस सीजन पराली जलाने की घटनाएं पिछले साल की तुलना में अधिक दर्ज की गई हैं
- CAQM ने छह जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पराली जलाने पर नोटिस जारी किए हैं
- आयोग ने अधिकारियों से पराली जलाने की रोकथाम में विफलता पर कार्रवाई न करने की वजह पूछी है
पंजाब में धान की पराली जलाने की घटनाओं में इस सीजन में लगातार बढ़ोतरी के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने छह जिलों के डीसी और एसएसपी को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. आयोग ने अधिकारियों से पूछा है कि पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जारी निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन नहीं कराने पर उनके खिलाफ वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम, 2021 की धारा 14 के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की जाए.
6 जिलों के 12 अधिकारियों को पराली पर नोटिस
आयोग ने 18 नवंबर को संगरूर, पटियाला, लुधियाना, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब और मानसा जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को नोटिस जारी कर कुल 12 अधिकारियों से जवाब मांगा है. अधिकारियों को 23 नवंबर को शाम 5 बजे तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है.
पंजाब में पराली जलाने की बढ़ती घटनाएं
पंजाब में 15 नवंबर तक पराली जलाने की कुल 5,972 घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि साल 2025 के पूरे सीजन में यह आंकड़ा 5,114 था. इस तरह मौजूदा सीजन में पिछले पूरे साल की तुलना में 858 अधिक घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं. आयोग के मुताबिक, पंजाब के संगरूर में पराली जलाने की सबसे ज्यादा 741 घटनाएं सामने आई हैं. वहीं पटियाला में पराली जलाने के मामलों में 78.5% की बढ़ोतरी हुई है. मतलब यह कि पिछले साल के 233 मामलों के मुकाबले इस साल 416 घटनाएं सामने आईं हैं.लुधियाना में भी 68.8% की बढ़ोतरी पराली जलाने की घटनाओं में देखी गई है. यहां पर पराली जलाए जाने के मामले 208 से बढ़कर 351 हो गए हैं.
पंजाब के शहरों में पराली जलाने के मामले
मोगा में पराली जलाए जाने की 346 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो कि पिछले साल के मुकाबले 19 ज्यादा हैं. पिछली साल ये घटनाएं 327 थीं. मुक्तसर में पराली जलाने की 271 और मानसा में 253 घटनाएं दर्ज की गई हैं.CAQM ने 15 सितंबर से 16 नवंबर तक के डेटा के आधार पर यह एक्शन लिया है.
रिपोर्ट के मुाबिक, 16 नवंबर को भी इन छह जिलों में पराली जलाने की घटनाओं में तेजी देखी गई, इस दिन संगरूर में 52, श्री मुक्तसर साहिब में 59, मोगा में 36, मानसा में 34, लुधियाना में 24 और पटियाला में 20 घटनाएं दर्ज की गईं.
16 नवंबर को पराली की घटनाओं में बढ़ोतरी
सीएक्यूएम ने 12 से 14 नवंबर के बीच संबंधित जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठकें भी की थीं. इन बैठकों में अधिकारियों को पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद 16 नवंबर को घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी, शिवराज बोले- किसानों को बदनाम न करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं