विज्ञापन

मलेशिया से KZF के 2 वांटेड आतंकी डिपोर्ट; दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, पंजाब में रेलवे को दहलाने की थी साजिश

फतेहगढ़ साहिब और शंभू रेलवे ट्रैक पर हुए IED धमाकों की जांच में ऐसा सुराग मिला जिसने एजेंसियों को मलेशिया तक पहुंचा दिया. पढ़िए कैसे विदेशी सरजमीं से रची जा रही थी पंजाब को दहलाने की साजिश.

मलेशिया से KZF के 2 वांटेड आतंकी डिपोर्ट; दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, पंजाब में रेलवे को दहलाने की थी साजिश
मलेशिया से भारत लाए गए KZF के दो आतंकी, दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार; कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा (सांकेतिक तस्वीर)
  • पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर मलेशिया से KZF के 2 आतंकियों को भारत लाकर गिरफ्तार किया.
  • ये दोनों आरोपी पंजाब में रेलवे ट्रैक पर हमले और शांति भंग करने की साजिश रचने में शामिल थे.
  • विदेश से पंजाब में आतंकियों को फंडिंग करने वाले इन दोनों आरोपियों को कोर्ट ने रिमांड पर भेजा.

New Delhi: पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और मलेशिया पुलिस के साथ मिलकर एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है. इस साझा कार्रवाई में प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान ज़िंदाबाद फोर्स (KZF) के दो मोस्ट वांटेड आरोपियों को गुरुवार सुबह मलेशिया (Malaysia) से भारत (India) लाया गया है. जैसे ही ये दोनों आरोपी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर उतरे, पुलिस ने तुरंत इन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया.

कौन हैं ये आरोपी और क्या थी इनकी साजिश?

गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों की पहचान अंबाला के रहने वाले गुरविंदर सिंह और पटियाला के मनजीत सिंह के रूप में हुई है. ये दोनों भारत से दूर मलेशिया में बैठकर KZF के लिए काम कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी पंजाब में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर बड़े हमले करने की गहरी साजिश रच रहे थे. इनका मुख्य मकसद पंजाब को दहलाना और वहां की शांति-व्यवस्था को पूरी तरह से बिगाड़ना था.

विदेशी खातों से कर रहे थे 'टेरर फंडिंग'

जांच में यह भी सामने आया है कि ये दोनों सिर्फ साजिश ही नहीं रच रहे थे, बल्कि मलेशिया से अपना एक पूरा आतंकी फंडिंग नेटवर्क भी चला रहे थे. गुरविंदर और मनजीत विदेशों में मौजूद अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल करके पंजाब में छिपे KZF के आतंकियों तक पैसा पहुंचाते थे, ताकि आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके. 

पहले ही बरामद हो चुका है हथियारों का जखीरा

आपको बताते चलें कि पंजाब पुलिस इस मामले की कड़ियां काफी पहले से जोड़ रही थी. पुलिस ने 23 जनवरी 2026 को फतेहगढ़ साहिब के सिरहिंद और 27 अप्रैल 2026 को पटियाला के शंभू इलाके में रेलवे लाइन पर हुए IED हमलों के मॉड्यूल का पहले ही भंडाफोड़ कर दिया था. इस पुरानी कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जब उन चारों से पूछताछ हुई और तलाशी ली गई, तो उनके पास से RPG लॉन्चर, IED, RDX, हैंड ग्रेनेड और बेहद अत्याधुनिक पिस्टल सहित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ था. इसी जांच के तार आगे चलकर मलेशिया में बैठे इन दो आरोपियों तक पहुंचे.

कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर, आगे की जांच जारी

भारत लाए जाने के बाद, 18 जून 2026 को पुलिस ने गुरविंदर और मनजीत को पटियाला की अदालत में पेश किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने दोनों आरोपियों को आगे की कड़ी पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पंजाब पुलिस का कहना है कि उनकी जांच अभी जारी है. अब पुलिस का पूरा फोकस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और इन आतंकियों के साथ जुड़े अन्य मददगारों की पहचान करने पर है.

ये भी पढ़ें:- हिमालय की बर्फ में बन रहा सोना, खोज में ग्रामीणों ने घर-बार छोड़ पहाड़ों में बनाया आशियाना

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
डेप्युटी एडिटर - क्राइम एंड इन्वेस्टिगेशन
साल 2003 में मीडिया करियर की शुरुआत BAG Films से हुई। शुरुआती दिनों से ही अपराध और खोजी पत्रकारिता में गहरी दिलचस्पी रही। 2005 में NDTV से जुड़े और उस... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Police, Terrorists, Delhi Airport, Malaysia, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com