विज्ञापन
This Article is From Jul 10, 2023

पंजाब में बारिश से 7 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित, कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने बुलाई रिव्यू मीटिंग

बारिश से राज्य के 7 जिले पठानकोट, तरनतारन, फरीदकोट, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर और रूपनगर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से अपील की है कि वो भारी बारिश के कारण जितना संभव हो घरों से बाहर न निकलें.

रूपनगर में अब तक 668 mm बारिश हुई है, जो राज्य में अब तक सबसे ज्यादा है.
नई दिल्ली:

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन भारी बारिश (Heavy Rainfall) के कारण भीषण बाढ़ (Flood) के हालात हैं. प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है. बारिश से राज्य के 7 जिले पठानकोट, तरनतारन, फरीदकोट, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर और रूपनगर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. ऐसे में हालात को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग की.

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सुबह से ही बारिश हो रही है. स्थिति को देखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य में 13 जुलाई तक स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं. रूपनगर में अब तक 668 mm बारिश हुई है, जो राज्य में अब तक सबसे ज्यादा है. 532.50 mm बारिश के साथ साहिबजादा अजीत सिंह नगर दूसरे स्थान पर है.

CM भगवंत मान ने की अपील
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से अपील की है कि वो भारी बारिश के कारण जितना संभव हो घरों से बाहर न निकलें. मोहाली और रूपनगर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे सीएम मान ने पंजाबी में एक ट्वीट कर कहा कि सरकार लोगों के साथ है और उन्हें हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी.

स्कूल बंद करने के आदेश
हाल ही में पंजाब और हरियाणा के बारिश से कुछ सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए थे. मोहाली, पटियाला, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, पंचकूला और अंबाला दोनों राज्य के कुछ सर्वाधिक प्रभावित जिलों में से हैं.

हरियाणा सीएम ने भी बुलाई मीटिंग
वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने सभी पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. उन्होंने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाई. हरियाणा सरकार ने भी परामर्श जारी कर लोगों से सावधानी बरतने और बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलने को कहा है.

भारी बारिश से कई फसलों को हुआ नुकसान
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में खेतों में पानी भर जाने से फसल को भी नुकसान पहुंचा है. सतलुज और घग्गर नदी के आसपास की भूमि जलमग्न हो गई है. पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर पानी घरों में घुस गया और कुछ स्थानों पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण दोनों राज्यों के प्रमुख सड़क मार्गों पर भारी यातायात जाम की स्थिति है.

राजपुरा थर्मल पावर प्लांट के परिसर में घुसा पानी
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पटियाला में बाढ़ का पानी राजपुरा थर्मल पावर प्लांट के परिसर में घुस गया, जिससे संयंत्र की 700 मेगावाट की एक इकाई को बंद करना पड़ा. पंजाब सरकार ने बढ़ते संकट से निपटने के लिए सेना से अतिरिक्त सहायता का अनुरोध किया. दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें भी तैनात की गईं.
 

ये भी पढ़ें:

राजस्थान : सीकर में भारी बारिश से बने बाढ़ जैसे हालात, रेलवे ट्रैक भी पानी में डूबा

दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon Rain In India, Heavy Rainfall, Landslide, Flood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com