विज्ञापन

क्रूरता की कार्बन कॉपी: जब 'सोनम' की खूनी स्क्रिप्ट को पुणे की 'सिया' ने दोहराया, खाई की गहराइयों में दफन हुईं दो शादियां

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में मंगेतर सिया गोयल ने चर्चित सोनम रघुवंशी कांड जैसी ही खूनी साजिश रची. दोनों ही मामलों में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह किया.

क्रूरता की कार्बन कॉपी: जब 'सोनम' की खूनी स्क्रिप्ट को पुणे की 'सिया' ने दोहराया, खाई की गहराइयों में दफन हुईं दो शादियां
पुणे में राजा रघुवंशी मर्डर केस जैसा कांड
  • पुणे से सामने आया राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही केस, लड़की ने प्रेमी के साथ मिलकर की मंगेतर की हत्या
  • सिया गोयल ने पुणे में मंगेतर केतन अग्रवाल को 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया
  • पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और गवाहों की मदद से दोनों मामलों के मास्टरमाइंड को पकड़ा

23 मई 2025 और 18 जून 2026... ये महज दो तारीखें नहीं हैं बल्कि अपराध की दो हूबहू घटनाओं को अंजाम देने वाले दिन हैं. पिछले साल 23 मई को मेघालय की वादियों में  जो खूनी खेल इंदौर की सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा रघुवंशी के साथ खेला था, ठीक वैसी ही पटकथा को 2026 में पुणे की सिया गोयल ने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के लिए लिख डाला.

20 साल की सिया गोयल ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए, 18 जून को मंगेतर केतन अग्रवाल के जन्मदिन के 'रोमांटिक सरप्राइज' को ही उसका आखिरी दिन बना दिया. यह महज दो हत्याएं नहीं हैं, बल्कि दो ऐसी शातिर महिलाओं की खूनी दास्तान है, जो पारिवारिक दबाव में तय हुई शादियों के बंधनों को तोड़ना चाहती थीं. दोनों ही वारदातों में महिलाओं ने अपने प्रेमी की मदद ली और अपने पति और मंगेतर को मौत के घाट उतार दिया. दोनों ही केस में कई दिनों तक पुलिस को गुमराह किया गया.

कैसे मंगेतर को गहरी खाई में धकेला?

22 साल के कारोबारी केतन अग्रवाल की इसी साल नवंबर में सिया गोयल से शादी होने वाली थी. परिवार ने शादी के लिए उदयपुर में महल बुक किया था. दोनों परिवार शादी की तैयारी में जुटे हुए थे. इसी बीच 18 जून को केतन का जन्मदिन था. केतन और सिया पुणे के फेमस लोहागढ़ किले घूमने पहुंचे. केतन जब किले पर तस्वीरें खींच रहा था, तभी वह 400 फीट गहरी खाई में गिर गया. सिया ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि वो अचानक खाई में गिरा. शुरुआत में यही माना गया कि तेज हवा की वजह से केतन का संतुलन बिगड़ा. सिया ने खुद पुलिस को फोन कर इसे एक दर्दनाक हादसा बताया और कई दिनों तक रोने का नाटक कर गुमराह करती रही.

लेकिन पुणे पुलिस ने इस मामले में जब जांच शुरू की, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए. घटना के हफ्तेभर बाद पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिससे सिया पर शक मजबूत हुआ. पुणे पुलिस के अनुसार टेक्निकल डिटेल्स, मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और हादसे वाली जगह मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद तस्वीर साफ हुई. पुलिस ने बताया कि सिया ने केतन को खाई में धक्का दिया था. पुलिस ने सिया और उसके प्रेमी चेतन को हिरासत में ले लिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

( फोटो में बायीं तरफ मंगेतर और सिया वहीं दायीं तरफ प्रेमी है....)

राजा रघुवंशी जैसा ही केस

केतन अग्रवाल मर्डर केस इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही है. राजा रघुवंशी की हत्या 23 मई 2025 को मेघालय में उनके हनीमून के दौरान की गई थी. इस मर्डर की मास्टरमाइंड राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ही थी. सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची. सोनम ने वारदात को खुद अंजाम नहीं दिया, बल्कि प्रेमी के जरिए 3 शार्पशूटर हायर किए और लगातार पति की लाइव जीपीएस लोकेशन शेयर कर हत्या करवाई.

पूरी प्लानिंग की गई. आरोपियों ने राजा पर धारदार हथियार से वार किया और शव को खाई में फेंक दिया. शुरुआत में इसे लूटपाट और लापता होने का मामला दिखाने की कोशिश की गई. सोनम ने पति की हत्या के बाद खुद को अगवा होने का ड्रामा किया. पुलिस के अनुसार सोनम मेघालय से इंदौर आ गई और कुछ दिन एक सीक्रेट घर में रही. इसके बाद सोनम ने यूपी के एक ढाबे में पहुंचकर रोने का नाटक किया, ताकि वह खुद पीड़ित दिखे.

Latest and Breaking News on NDTV

मेघालय पुलिस ने इस मामले में हर एंगल से जांच की. पुलिस ने सोनम के कॉल डिटेल्स खंगाले. इसके अलावा एक लोकल गाइड ने बताया कि उसने सोनम को तीन संदिग्धों के साथ देखा था. फोन कॉल रिकॉर्ड्स से प्रेमी राज कुशवाहा और शूटरों से लगातार संपर्क की बात सामने आई. पुलिस ने सोनम को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आ गया.

सिया और सोनम दोनों ने ही पुलिस को किया गुमराह

इन दोनों ही साजिशों का सबसे खौफनाक पहलू हत्या के बाद का ड्रामा था. सोनम रघुवंशी एक ढाबे पर मिली और खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश करती रही. वहीं सिया ने कहा कि उसके मंगेतर की मौत पैर फिसलने से खाई में गिरने से हुई. इन दोनों ही घटनाओं में जिसे पीड़ित समझा वही मास्टरमाइंड निकली. कई दिनों तक कानून भी गुमराह होता रहा.

यह भी पढ़ें: पुणे का 'राजा रघुवंशी': शादी के लिए बुक था 17 करोड़ का पैलेस, प्लेन...मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर खाई में धकेला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Siya, Pune Murder, Pune Murder Case, Pune Murder News, Pune Murder Mystery
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com