प्यार दीवाना होता है, मस्ताना होता है... लेकिन ये जानलेवा भी होता है. हमारे देश में मर्डर की तीसरी बड़ी वजह ये प्यार ही है. देश में हर 10 में से एक कत्ल की वजह प्यार या अवैध संबंध ही है.
जब खबरें खंगालेंगे तो ऐसे कई मामले सामने आते हैं, जिनमें किसी लड़के ने लड़की की तो किसी लड़की ने लड़के की हत्या कर दी. उदाहरण के तौर पर, अप्रैल में ही मुंबई के विरार में 27 साल के एक लड़के ने अपनी मंगेतर और उसकी मां की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी थी, क्योंकि उसकी मां ने दोनों की शादी से इनकार कर दिया था. इससे पहले फरवरी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 22 साल की एक लड़की ने अपने 25 साल के बॉयफ्रेंड को चाकू से गोद-गोदकर इसलिए मार डाला था, क्योंकि उसने उसे इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था.
अब इन सबके बीच एक और नया मामला पुणे से सामने आया है, जहां सिया गोयल पर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की जान लेने का आरोप लगा है. आरोप है कि सिया ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन के साथ मिलकर केतन की हत्या की. शुरुआत में इसे हादसा बताया गया, लेकिन जब पुलिस ने छानबीन की तो सारा मामला सामने आ गया. पुलिस ने सिया और चेतन को हिरासत में ले लिया है.
इससे पहले मार्च 2025 में मेरठ से सौरभ राजपूत की हत्या का मामला सामने आया था. सौरभ की पत्नी मुस्कान ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी. हत्या के बाद सौरभ के शव को नीली ड्रम में डालकर कंक्रीट भर दिया गया था.

सौरभ राजपूत, राजा रघुवंशी और केतन अग्रवाल. (फाइल फोटो)
जानलेवा प्यार!
ऐसा नहीं है कि प्यार में सिर्फ मंगेतर या बॉयफ्रेंड की ही जान जाती है. कई मामलों में बात माता-पिता और भाई-बहन तक भी आ जाती है. 23 जून को ही खबर आई कि बेंगलुरु में एक लड़की ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने माता-पिता और छोटी बहन की हत्या कर दी.
आंकड़े बताते हैं कि प्यार-मोहब्बत हत्या की सबसे बड़ी वजहों में से एक है. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के मुताबिक, देशभर में हत्या की तीसरी सबसे बड़ी वजह प्यार-मोहब्बत और अवैध संबंध होते हैं.
NCRB के मुताबिक, 2024 में देशभर में 27,049 हत्याएं हुई थीं. इनमें से 2,802 हत्याओं की वजह लव अफेयर्स या अवैध संबंध थे. इसका मतलब हुआ कि 10% मर्डर इन्हीं दो वजहों से हुए थे. यानी हर 10 में से 1 कत्ल.
अगर आंकड़े देखे जाएं तो पता चलता है कि 2010 से 2014 के बीच हत्या के कुल मामलों में ऐसी हत्याओं का हिस्सा 7 से 8 प्रतिशत था. लेकिन 2016 से 2024 के बीच यह बढ़कर 10 से 11% तक हो गया. ये तब है, जब हत्याओं के मामले में गिरावट देखी गई है.
अकेले 19 मेट्रो शहरों में ही 2024 में लव अफेयर्स और अवैध संबंध के कारण 187 मर्डर हुए थे. यानी, देशभर में इन दो वजहों से होने वाली 6.6% हत्याएं सिर्फ 19 मेट्रो सिटीज में हुईं.

यह भी पढ़ेंः सिया ने 4 दिन पहले भी लोहगढ़ किले से केतन को दिया था धक्का, झाड़ी पकड़कर बची थी जान, बोली- 'वहां सांप था'
प्यार कब जानलेवा हो जाता है?
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में ऐसी कितनी ही हत्याएं होती हैं, जिनकी वजह लव अफेयर्स या अवैध संबंध होता है.
2021 में चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेस (CAS) के इंस्टीट्यूट ऑफ साइकोलॉजी के प्रोफेसर वेन क्वी चेन ने 'Analysis of the Psychological Factors of Love Murder Cases' स्टडी की थी. इसमें उन्होंने कुछ कारण बताए थे.
इस स्टडी में उन्होंने बताया था कि प्यार-मोहब्बत के मामलों में हत्या की 4 वजह होती है. पहली- ब्रेकअप. दूसरी- दो लोगों की जिंदगी में कोई तीसरा शख्स आ जाए. तीसरी- बेवफाई या चीटिंग. और चौथी- रिजेक्शन.
स्टडी में बताया गया था कि ऐसे मामलों में तीन हालात बनते हैं, जब कोई व्यक्ति किसी की जान ले लेता है.
- पहला- जब दो लोगों की जिंदगी में कोई तीसरा शख्स आ जाता है. ऐसे मामलों में तीसरा शख्स दुश्मन बन जाता है.
- दूसरा- ब्रेकअप वाली सिचुएशन, जब दोनों में से कोई ब्रेकअप को मानने को तैयार नहीं. तो ऐसे में 'पुराना पार्टनर' या तो 'नए वाले पार्टनर' को या अपने ही 'पार्टनर' को दुश्मन समझता है.
- तीसरा- जब दोनों में से कोई एक पार्टनर चीटिंग करता है या बेवफाई करता है तो ऐसे मामले में जो पार्टनर रिश्ता चाहता है, वह 'नए पार्टनर' को दुश्मन मान लेता है.
कुल मिलाकर, दो लोगों के प्यार में किसी तीसरे का आना या फिर किसी तरह का शक या चीटिंग होना हत्या का कारण बन जाता है.
यह भी पढ़ेंः सिया ने सरप्राइज प्लान किया है... ऊंचाई से डर लगने के बाद भी किले पर गए केतन, परिवार का खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं