विज्ञापन

क्या है छात्र संगठनों का QRT, जिसके जरिए दिल्ली में हर रोज हो रहे प्रदर्शन; इनसाइड स्टोरी

दिल्ली में इन दिनों विपक्ष से जुड़े छात्र संगठन और युवा समूह अलग-अलग मुद्दों पर लगातार छोटे प्रदर्शन कर रहे हैं.

क्या है छात्र संगठनों का QRT, जिसके जरिए दिल्ली में हर रोज हो रहे प्रदर्शन; इनसाइड स्टोरी
दिल्ली में लगातार बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं.

दिल्ली की सियासत में इन दिनों एक नई रणनीति देखने को मिल रही है. अलग-अलग मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों से जुड़े छात्र संगठन और युवा समूह लगातार छोटे-छोटे प्रदर्शन कर रहे हैं. इन प्रदर्शनों का उद्देश्य सरकार के खिलाफ राजनीतिक माहौल बनाए रखना और विभिन्न मुद्दों को सार्वजनिक चर्चा में बनाए रखना बताया जा रहा है.

QRT के जरिए तुरंत जुट रहे प्रदर्शनकारी

सूत्रों के अनुसार कई संगठनों ने क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT का गठन किया है. इस व्यवस्था के तहत कम समय में प्रदर्शन की तैयारी की जाती है और बड़ी संगठनात्मक प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ता. फ्लैश प्रोटेस्ट की सूचना मिलने पर कुछ ही घंटों में दर्जनों से लेकर 100-150 तक युवाओं को मौके पर जुटाया जा रहा है.

जस्टिस मोर्चा की एंट्री से बढ़ी सक्रियता

हाल ही में "जस्टिस मोर्चा" नाम से एक नया मंच भी सामने आया है. शनिवार को इस संगठन ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में बहाल करने की मांग को लेकर प्रेस क्लब से जंतर-मंतर रोड तक अचानक मार्च निकाला. सूत्रों का दावा है कि इस अभियान के पीछे कुछ राजनीतिक रणनीतिकार सक्रिय हैं. इस विरोध कार्यक्रम में वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी देखने को मिली.

20 दिनों में 30 से अधिक प्रदर्शन

राजधानी में पिछले 20 दिनों के भीतर 30 से ज्यादा छोटे और बड़े प्रदर्शन आयोजित किए जा चुके हैं. चुनाव से जुड़े मुद्दों से लेकर अन्य राजनीतिक विषयों तक अलग-अलग मंचों पर विरोध कार्यक्रम हुए हैं. 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया था. इसके बाद भी कई संगठनों ने मार्च और धरनों की घोषणा की.

सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क

लगातार हो रहे अचानक प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं. सूत्रों के अनुसार बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को दिल्ली में तैनात रखा गया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रियता का मकसद सरकार पर लगातार राजनीतिक दबाव बनाए रखना और आगामी राजनीतिक लड़ाइयों के लिए माहौल तैयार करना है.

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को मिली रामलीला मैदान में प्रदर्शन की परमिशन, दीवाली से पहले भरेगी हुंकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Delhi Protest News, Delhi Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com