विज्ञापन

सपा-कांग्रेस के कारण हम महिला आरक्षण लागू नहीं कर पाए: काशी में बोले PM मोदी

मोदी ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया. लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा.

सपा-कांग्रेस के कारण हम महिला आरक्षण लागू नहीं कर पाए: काशी में बोले PM मोदी
  • PM मोदी ने वाराणसी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई.
  • वाराणसी में लगभग 6350 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया.
  • मोदी ने महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण लागू करने के प्रयासों को पुनः सफल बनाने का आश्वासन दिया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों- बनारस‑पुणे (हडपसर) और अयोध्या‑मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही उन्होंने वाराणसी में लगभग 6,350 करोड़ रुपये की लागत से जुड़े विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभिवादन जनसभा' को संबोधित किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारी शक्ति है. काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और यह बड़ा लक्ष्य है-लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना. अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया. लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा.

PM मोदी ने कहा कि हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने. 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले. 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन दिया गया. 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया. यानी अनेक बड़ी योजनाओं के केंद्र में बहनों-बेटियों को रखा गया.

PM मोदी ने कहा कि कुछ देर पहले दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई. ये दोनों अमृत भारत ट्रेनें यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएंगी. अब मुंबई, पुणे सहित पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया है. मैं इस शुभारंभ के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है. बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपये की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं. ऐसे ही प्रयासों से अबतक 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं.

ये भी पढ़ें :  गंगा एक्सप्रेसवे पर अगर नींद आ गई तो जगाने का भी इंतजाम, VIDEO में देखिए खास काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prime Minister Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com