Rajasthan shoot fare charges hike: राजस्थान के ऐतिहासिक स्मारकों में शूटिंग और प्री-वेडिंग शूट का क्रेज बढ़ता जा रहा है. यहां की राजसी भव्यता, शाही मेहमाननवाजी और अनूठी स्थापत्य कला देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ बॉलीवुड और हॉलीवुड के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनी हुई है. आमेर फोर्ट, हवामहल, जंतर-मंतर, अल्बर्ट हॉल और नाहरगढ़ जैसे ऐतिहासिक स्थल शादी के सीजन में एस्थेटिक तस्वीरों और फिल्मों की शूटिंग के लिए आकर्षण का केंद्र हमेशा से बने रहते हैं. इन स्मारकों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने अब शूटिंग और फोटोग्राफी के शुल्कों में संशोधन किया है, जिसके बाद अब शूटिंग के शौकीनों को पहले के मुकाबले अधिक शुल्क का भुगतान करना होगा. जिसकी नई दरे 6 जुलाई से लागू होगी.
प्री-वेडिंग शूट के लिए 15 हजार रुपये शुल्क
विभाग के निदेशक डॉ.पंकज धरेंद्र के जरिए जारी आदेशों के अनुसार, अब आमेर फोर्ट, हवामहल, जंतर-मंतर, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, नाहरगढ़ फोर्ट सहित प्रदेश के सभी राजकीय संरक्षित स्मारकों एवं संग्रहालयों में प्री और पोस्ट वेडिंग शूटिंग के लिए दो घंटे का शुल्क 15 हजार रुपये निर्धारित किया गया है . ये संशोधित दरे 6 जुलाई से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगी.वही विभाग का कहना है कि यह दरें सभी संरक्षित स्मारकों पर समान रूप से लागू रहेंगी.
डॉक्यूमेंट्री और व्यावसायिक शूटिंग की नई फीस
वही टीवी डॉक्यूमेंट्री शूटिंग के लिए भी नई फीस निर्धारित की गई है. राजस्थानी निर्माताओं से 20 हजार रुपये, भारतीय निर्माताओं से 30 हजार रुपये तथा विदेशी निर्माताओं से 50 हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा. इसके अलावा, स्टिल फोटोग्राफी के लिए भी संशोधित शुल्क लागू किए गए हैं. सामान्य स्टिल फोटोग्राफी के लिए भारतीय और विदेशी नागरिकों से 5-5 हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा. जबकि व्यावसायिक, प्रमोशनल एवं विज्ञापन शूटिंग के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं.
संरक्षण और पारदर्शिता का लक्ष्य
इन नई दरों को लागू करने के लिए विभाग ने अधिकारियों,अधीक्षकों और संग्रहालय प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं. जिसके तहत 6 जुलाई 2026 से सभी बुकिंग,अनुमति और शुल्क वसूली नई दरों के अनुसार ही जाएगी.
Report: Rohan Sharma
यह भी पढ़ें: मानसून में क्यों खास है उदयपुर? इंटरनेशनल ट्रैवल मैगजीन ने टॉप 16 डेस्टिनेशंस में किया शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं