- पीएम नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक पीएम रहने का रिकॉर्ड तोड़ने वाले हैं
- पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू 4397 दिनों तक यानी 12 साल 14 दिनों तक निर्वाचित PM रहे थे
- पीएम नरेंद्र मोदी 9 जून को पूर्व पीएम नेहरू के इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे
पीएम नरेंद्र मोदी 9 जून को देश को ऐसे पहले प्रधानमंत्री बन जाएंगे जो चुने जाने के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहा हो सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड बनाएंगे. नौ जून को ही उनके तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे हो रहे हैं. एनडीए मुख्यमंत्रियों की दस जून को होने वाली बैठक में प्रस्ताव पारित कर पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए दी जाएगी बधाई. आंध्र प्रदेश के सीएम और टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू रखेंगे प्रस्ताव. अन्य सहयोगी दलों के नेता प्रस्ताव का करेंगे समर्थन. प्रस्ताव में बतौर प्रधानमंत्री पिछले बारह साल की उपलब्धियों का ज़िक्र किया जाएगा.
नेहरू का रिकॉर्ड
देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु ने पहली बार 13 मई 1952 को बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री की थी शपथ. वे लगातार 4397 दिनों तक यानी 12 साल 14 दिनों तक निर्वाचित पीएम रहे थे. वहीं पीएम मोदी नौ जून को उनका रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगातार निर्वाचित पीएम के तौर पर 4398 दिन यानी 12 साल 15 दिन पूरे कर लेंगे. वैसे नेहरू 15 अगस्त 1947 को पीएम बने थे लेकिन तब वे पहले लोकसभा चुनाव होने तक अंतरिम सरकार के प्रमुख थे, न कि निर्वाचित प्रधानमंत्री. नेहरू अपने निधन 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे. अगर जवाहर लाल नेहरू का पूरा कार्यकाल जोड़ा जाए तो यह 6,130 दिन होता है. इसमें वे 1733 दिन भी शामिल हैं जिसमें वे अंतरिम या गैर निर्वाचित सरकार के मुखिया रहे.
पीएम मोदी के अन्य रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी के नाम पर कई ऐतिहासिक उपलब्धियां पहले ही दर्ज हो चुकी हैं. वे सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले पहले ग़ैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन चुके हैं. वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 2272 दिनों के कार्यकाल को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं. वे ऐसे गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं जिन्होंने लगातार तीन बार चुनाव जीता है. निर्वाचित सरकारों के प्रमुख के तौर पर लगातार सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो चुका है.
उन्होंने सात अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. तब से लगातार वे सरकार के प्रमुख के तौर पर काम कर रहे हैं. सात अक्तूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर और उसके बाद 26 मई 2014 से अब तक प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं. इस तरह मोदी चुनी हुई सरकारों के प्रमुख के तौर पर 9,000 से भी अधिक दिन पूरे कर चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं