विज्ञापन

'हिंदू ग्रोथ रेट' का नाम असल में 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' होना चाहिए था... NDA मीटिंग में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. इस मौके पर एनडीए नेताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश ने जो भरोसा जताया है, हमें उस पर काम करना है.

'हिंदू ग्रोथ रेट' का नाम असल में 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' होना चाहिए था... NDA मीटिंग में बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को लाचारगी-बेचारगी के गर्त में डाल दिया था.
PTI
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर एनडीए की बैठक हुई. इस बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ये ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है. मेरे लिए तो जनता जनार्दन ही ईश्वर का रूप है. इसलिए मैंने सेवाकार्य को हमेशा एक साधना के रूप में देखा है.'

पीएम मोदी ने कहा कि 'जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा है. ये जनता जनार्दन की परिपक्वता ही है कि उसने लंबे समय तक मुझे इस तरह की जनता की सेवा का अवसर दिया. 2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे हुए थे. इसका देश को बहुत नुकसान भी उठाना पड़ा. लेकिन अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है. मैं आज देश की महान जनता को भी नमन करता हूं. जनता जनार्दन का आभार व्यक्त करता हूं.'

2014 में आशा का उदय हुआः मोदी

उन्होंने कहा कि 'देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपना भरोसा हमें सौंपा था. मुझे आज संतोष है, गर्व है कि एनडीए परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है. 2014 में आशा का उदय होता सूरज आज नए आत्मविश्वास के प्रकाश पुंज्य में बदल गया है. भारत के लोगों ने पहली बार ये देखा है कि जब सही नीयत से सरकार चलती है तो तेज गति से विकास भी होता है. एनडीए सरकार के इन 12 सालों में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों का गरीबी से बाहर निकलना दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं, हमारी दिशा सही है.'

उन्होंने कहा कि 'ये सफलता देश के हर उस व्यक्ति को भरोसा देती है कि उसके सपने भी पूरे होंगे. मैं मानता हूं कल जो गरीब था, आज जो नियो-मिडिल क्लास बना है, उसे अब हमें पीछे नहीं होने देना है. इसलिए सरकार के नाते, हमें दिन रात काम करना है. इस संकल्प के साथ कि 140 करोड़ का ये देश हमसे जो उम्मीदें लगाए बैठा है, वो जरूरी पूरी हों. भारत का युवा, भारत की नारी शक्ति, भारत का मध्यम वर्ग, सबकी आकांक्षाएं हमें पूरी करनी हैं. आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है. इस सपने को पूरा करने के लिए हमें अपना हर पल समर्पित करना है.'

कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला

उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 'कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीनभावना के गर्त में गिरा दिया था. देश को यही अहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता है. और बड़ी ही चतुराई से धीमी विकास को एक नाम दिया था- हिंदू ग्रोथ रेट. यानी कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया. जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था- कांग्रेस ग्रोथ रेट. इस कांग्रेस ग्रोथ रेट में न गवर्नेंस थी, न नीति, न नीयत और न ही निर्णय.'

पीएम मोदी ने कहा कि 'पहली बार अटलजी के नेतृत्व में एनडीए सरकार आई, तब जाकर हमें एक झलक दिखी कि विकास में गति कैसे आती है. लेकिन दुर्भाग्य से 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर में और कांग्रेस के शिकंजे में फंस गया. विकास तो दूर की बात है, देश को कांग्रेस ने एक के बाद एक हजारों करोड़ रुपये के घोटालों में घसीट दिया.'

उन्होने कहा कि 'देश का भाग्य फिर तब बदला जब 2014 में एनडीए की सरकार बनी. देश ने देखा कि जब नीयत, नीति और निर्णय, तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कैसे होती है. देश ने देखा कि जो काम दशकों में होते थे, वो काम महीनों में होने लगे.'

क्या है हिंदू ग्रोथ रेट?

1950 से 1980 के बीच भारत की विकास दर बहुत कम हो गई थी. उस वक्त दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स के प्रोफेसर राजकृष्णा ने इसे 'हिंदू ग्रोथ रेट' का नाम दिया था. 

उस वक्त 1950 से 1980 के बीच भारत की सालाना विकास दर औसतन 4 फीसदी ही थी. इस धीमी विकास दर के लिए हिंदू ग्रोथ रेट का इस्तेमाल किया गया था. हालांकि 1990 के बाद आर्थिक सुधार किए गए तो अर्थव्यवस्था में तेजी आई.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, Pm Modi 12 Years, NDA Meeting, PM Modi Speech, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com