विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2017

तीन देशों की यात्रा कर स्वदेश लौटे पीएम नरेंद्र मोदी, अब जाएंगे गुजरात

प्रधानमंत्री ने 'मोदी मोदी ' के नारे के बीच करीब 3,000 लोगों की सभा को संबोधित करते हुए अपने घंटे भर के भाषण में बैंकिंग, उर्जा, डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में अपनी सरकार द्वारा की गयी पहलों का उल्लेख किया और अंतरिक्ष, स्वास्थ्य सेवा तथा स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में की गयी प्रगति के बारे में बात की.

तीन देशों की यात्रा कर स्वदेश लौटे पीएम नरेंद्र मोदी, अब जाएंगे गुजरात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • पीएम मोदी ने पुर्तगाल, अमेरिका और नीदरलैंड की यात्रा की
  • अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात में दिखी गर्मजोशी
  • स्वदेश लौटकर गुजरात जाएंगे पीएम
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों- पुर्तगाल, अमेरिका और नीदरलैंड का दौरा पूरा करने के बाद स्वदेश लौट आए हैं. एक संक्षिप्त दौरे के तहत मंगलवार को दिन में पहुंचे मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रुत्ते से बातचीत की. उन्होंने यहां भारतीय समुदाय को भी संबोधित किया. प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्विटर पर लिखा, 'तीन देशों - पुर्तगाल, अमेरिका और नीदरलैंड में कई कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लिए रवाना हुए. ' इससे पहले मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही नीदरलैंड के पासपोर्ट धारकों को पांच साल का व्यापार एवं पर्यटक वीजा देने पर फैसला करेगा.

उन्होंने नीदरलैंड की एक दिन की अपनी यात्रा पूरी करने से ठीक पहले यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए यह घोषणा की. नीदरलैंड में ब्रिटेन के बाद भारतीय मूल के लोगों की सबसे बड़ी आबादी है.

प्रधानमंत्री ने 'मोदी मोदी ' के नारे के बीच करीब 3,000 लोगों की सभा को संबोधित करते हुए अपने घंटे भर के भाषण में बैंकिंग, उर्जा, डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में अपनी सरकार द्वारा की गयी पहलों का उल्लेख किया और अंतरिक्ष, स्वास्थ्य सेवा तथा स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में की गयी प्रगति के बारे में बात की.

प्रधानमंत्री की यात्रा से पहले गुजरात सरकार ने सुरक्षा समीक्षा बैठक की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गुरुवार से होने वाली दो दिवसीय गुजरात यात्रा से पहले राज्य सरकार ने आज सुरक्षा संबंधी समीक्षा बैठक की. गुजरात के गृह राज्य मंत्री प्रदीपसिंह जडेजा ने आज राजकोट के जिलाधिकारी, शहर पुलिस आयुक्त और राजकोट के नगर आयुक्त के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जडेजा ने कहा, 'प्रधानमंत्री 29 जून को यहां रेस कोर्स मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 18,000 से ज्यादा दिव्यांगों को 35 करोड़ रूपये कीमत की सहायता और उपकरण देंगे. लाभाथर्यिों की संख्या के आधार पर यह देश का सबसे बड़ा शिविर होगा.' पीआईबी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सामाजिक अधिकारिता शिविर में 18,430 लाभार्थी हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी नर्मदा की जल का स्वागत करने आजी बांध पहुंचेंगे.
इनपुट: भाषा
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, Traveling, Gujrat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com