विज्ञापन
This Article is From Apr 14, 2026

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का हुआ उद्धाटन, PM मोदी बोले- अंबेडकर की सोच पर काम कर रही सरकार

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन मंगलवार को हो गया. इसका उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिकीकरण के समर्थक थे और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का हुआ उद्धाटन, PM मोदी बोले- अंबेडकर की सोच पर काम कर रही सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया.
  • PM मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए उत्तराखंड के विकास और कनेक्टिविटी पर जोर दिया
  • दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को क्षेत्रीय विकास के लिए नए अवसर पैदा करने वाला बताया गया है
  • प्रधानमंत्री ने अंबेडकर को याद करते हुए संविधान की गरिमा स्थापित करने वाली सरकार की नीतियों का उल्लेख किया
देहरादून:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड के विकास, कनेक्टिविटी, सामाजिक न्याय और महिला सशक्तीकरण पर अपनी बात रखी. दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे कॉरिडोर केवल सड़क नहीं होते बल्कि ये विकास के नए द्वार खोलते हैं. ये नए व्यापार, उद्योग, गोदाम और फैक्ट्रियों के लिए रास्ता तैयार करते हैं. इस कॉरिडोर से पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होने की उम्मीद है और लोगों के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी.

अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय देश में त्योहारों की खुशी और नववर्ष का उत्साह है. उन्होंने सभी नागरिकों को वैसाखी, बोहाग बिहू और पुथंडु की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.

उत्तराखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहाः पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि बाबा केदार के दर्शन के बाद उन्होंने जो बात कही थी कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, वह अब सच होती दिख रही है. प्रधानमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” की नीतियों और राज्य के लोगों की मेहनत से उत्तराखंड तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है. उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना इस प्रगति को और तेज करेगी और राज्य के विकास को नई गति देगी. प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और ऐसे समय में इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन एक बड़ी उपलब्धि है.

यह भी पढ़ेंः जंगल, सुरंग, जानवरों के साथ रफ्तार और रोमांच की यात्रा... दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे की 10 खूबसूरत तस्वीरें

डॉ. अंबेडकर को किया नमन

अंबेडकर जयंती का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बीआर अंबेडकर को नमन किया. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन गरीबों, वंचितों और शोषितों को न्याय दिलाने के लिए समर्पित रहा. उन्होंने बताया कि बीते एक दशक में सरकार के फैसलों और नीतियों ने संविधान की गरिमा को फिर से स्थापित करने का काम किया है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब पूरे देश में संविधान पूरी तरह लागू हो गया है. उन्होंने यह भी बताया कि देश के कई जिलों में माओवाद और नक्सलवाद खत्म हुआ है और वहां भी अब संविधान की भावना के अनुसार काम हो रहा है. उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी जिक्र किया और कहा कि यह संविधान की अपेक्षा है. उत्तराखंड ने इस दिशा में कदम बढ़ाकर पूरे देश को रास्ता दिखाया है.

प्रधानमंत्री ने सामाजिक न्याय को संतुलित विकास से जोड़ते हुए कहा कि सरकार हर गरीब और वंचित तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगीकरण के बड़े समर्थक थे और आज सरकार उसी दिशा में काम कर रही है.

यह भी पढ़ेंः वन्यजीवों के लिए कैसे वरदान बना दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे, बिना किसी खतरे के जंगल में घूम रहे हैं जानवर

Latest and Breaking News on NDTV

महिला आरक्षण बिल का किया जिक्र

महिला सशक्तीकरण पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चार दशकों के इंतजार के बाद संसद ने यह कानून पास किया, जिससे लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित हुआ है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों द्वारा दिए गए समर्थन का स्वागत किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कानून को लागू करने में अब और देरी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि 2029 में लोकसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले यह आरक्षण लागू हो जाना चाहिए. यह देश की भावना और नारी शक्ति की इच्छा है. उन्होंने बताया कि इसी विषय पर 16 अप्रैल से संसद में विशेष चर्चा तय की गई है. प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मिलकर महिलाओं के हक से जुड़े इस महत्वपूर्ण काम को आगे बढ़ाएं.

पीएम मोदी ने बताया कि मैंने देश की सभी महिलाओं के नाम एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्हें इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि देश की माताएं व बहनें इस पत्र को जरूर पढ़ेंगी और इस अभियान में भागीदारी करेंगी.

उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड के सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में प्रस्तावित संशोधन का समर्थन करें और 2029 तक देश की आधी आबादी को उनका अधिकार दिलाने में सहयोग करें.

यह भी पढ़ेंः 6 लेन, वाइल्डलाइफ कॉरिडोर, एनिमल पासेज...2.5 घंटे में दिल्ली से देहरादून पहुंचाने वाले एक्सप्रेसवे की खासियतें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Dehradun Expressway, Delhi Dehradun Economic Corridor, PM Naendra Modi, PM Modi Inaugurated Delhi Dehradun Expressway, Delhi Dehradun
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com