विज्ञापन

MLC चुनाव पर पीएम मोदी ने ली कांग्रेस की मौज, पूछा ऐसा सवाल, जिसका जवाब है जीरो

चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों के चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा.

MLC चुनाव पर पीएम मोदी ने ली कांग्रेस की मौज, पूछा ऐसा सवाल, जिसका जवाब है जीरो
पीएम मोदी का कांग्रेस पर तंज
NDTV
  • चार राज्यों के एमएलसी चुनावों पर पीएम मोदी ने किया एक्स पोस्ट, कांग्रेस पर कसा तंज
  • इस चुनाव में भाजपा और एनडीए गठबंधन ने बढ़त बनाई जबकि कांग्रेस एक भी सीट जीतने में असफल रही
  • PM मोदी ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं

उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 एमएलसी सीटों पर चुनाव के नतीजे लगभग साफ हो गए हैं. इस चुनाव में बीजेपी और एनडीए गठबंधन ने बढ़त बनाई है. वहीं कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई. इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि 28 सीटों पर बैलेट पेपर से चुनाव हुए. इसके बाद भी कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती इसका अंदाजा लगाइए. उन्होंने एक इमोजी भी इस पोस्ट में शामिल किया.

पीएम मोदी ने पूछा- अंदाजा लगाइए कांग्रेस कितनी सीट जीती?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, चार बड़े राज्यों उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में कुल 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए और ये चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए. पीएम मोदी ने कहा, "ये चुनाव बैलेट पेपर के जरिए हुए. अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने इनमें कितनी सीटें जीतीं?" 

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

इससे पहले बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 28 सीटों पर बैलेट पेपर से चुनाव हुआ इसके बाद भी कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने भारतीय चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठे आरोपों का जो माहौल बनाया था, उनकी अराजकता फैलाने की उम्मीदें चुनाव परिणामों के साथ ही चकनाचूर हो गई हैं. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया को लेकर झूठे दावों का बतंगड़ बनाने के बजाय कांग्रेस को जनता के बीच जाकर मेहनत करनी चाहिए.

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की है, लेकिन एमएलसी चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति स्पष्ट कर दी है. भाजपा सांसद ने कहा कि संदेश साफ है कि कांग्रेस पार्टी इन एमएलसी चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में नाकाम रही है. सबसे अहम बात यह है कि ये चुनाव बैलेट बॉक्स और बैलेट पेपर के जरिए कराए गए थे, फिर भी कांग्रेस अपना प्रभाव नहीं दिखा पाई. अगर कांग्रेस नेताओं की भाषा में कहें तो पार्टी अपना अस्तित्व तक महसूस कराने में विफल रही है. इससे साफ होता है कि कांग्रेस के पास किसी भी चुनाव में जनता और मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की क्षमता नहीं है, चाहे चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट पेपर से.

यह भी पढ़ें | 28 MLC चुनाव बैलेट पेपर से हुए, फिर भी कांग्रेस को मिली जीरो सीट... बीजेपी का राहुल गांधी पर तंज

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MLC Election 2026, MLC Election, MLC Election News, PM Modi, Pm Modi Target Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com