- प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ करते हुए उनके स्वस्थ होने की कामना की
- कैप्टन स्मित मच्छार ने चाकू के वार के बावजूद फ्लाईदुबई की उड़ान में 180 यात्रियों की जान बचाई थी
- प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके साहस और संयम ने कई लोगों की जान बचाई और देश गर्व महसूस करता है
प्रधानमंत्री ने भारत के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बात की. कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी से उस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें हिम्मत कैसे मिली. वहीं प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की तारीफ की और उनके जल्द ठीक होने की कामना की.
प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित से कहा, 'पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है. आपके और आपकी सेहत के लिए महामृत्युंजय जाप किया जा रहा है. आपके साहस, सूझ-बूझ और संयम ने कई लोगों की जान बचाई. देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय वे नहीं हैं जो दूसरों की जान लेते हैं, बल्कि वे हैं जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने को तैयार रहते हैं.'
घटना वाले दिन भी पीएम मोदी ने कैप्टन मच्छार की तारीफ की. उन्होंने एक्स पर लिखा था कि कल हुई घटना में कैप्टन स्मित ने जिस धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया, उसने देश को गौरव से भर दिया. उन्होंने बेहद मुश्किल हालात में असाधारण बहादुरी और दृढ़ता दिखाई. पीएम ने उनकी बहादुरी को सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाला कदम बताया.
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
कैप्टन मच्छार वही भारतीय पायलट हैं, जिन्होंने ‘फ्लाईदुबई' उड़ान में चाकू के वार से घायल होने के बावजूद 180 यात्रियों की जान बचाई. दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में जब को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया, तो लहूलुहान होने के बावजूद उन्होंने 180 यात्रियों की जान बचा ली. पूरी दुनिया उनकी जांबाजी को सलाम कर रही है.
कैप्टन स्मित मच्छार मूल रूप से भारतीय नागरिक हैं. कैप्टन स्मितत मच्छार 2022 से अमीराती सरकार के स्वामित्व वाली कम लागत वाली एयरलाइन फ्लाईदुबई में काम कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने 10 साल तक स्पाइसजेट में काम किया था. कैप्टन मच्छार के पास बोइंग 737 विमानों पर 13 सालों से ज्यादा का कमर्शियल उड़ान का अनुभव है. उनके पास 9,750 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है. कैप्टन मच्छार 2011 में स्पाइसजेट में शामिल हुए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं