विज्ञापन

PM मोदी के जन्मदिन पर BJP ने शेयर की 34 साल पुरानी आईकॉनिक तस्वीर; CM योगी, अमित शाह सहित कई नेताओं ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज देश में कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है. अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह, ओम बिरला सहित कई नेताओं ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है.

PM मोदी के जन्मदिन पर BJP ने शेयर की 34 साल पुरानी आईकॉनिक तस्वीर; CM योगी, अमित शाह सहित कई नेताओं ने दी बधाई
पीएम मोदी के जन्मदिन पर आज कई नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं.
NDTV
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज कई नेता उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं. उनके जन्मदिन पर 'सेवा संकल्प' के साथ-साथ कई तरह के अन्य आयोजन किए जा रहे हैं. बीजेपी ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए 34 साल पहले की श्रीनगर के लाल चौक की आईकॉनिक तस्वीर साझा की है. बीजेपी ने लिखा- यह रही वह मशहूर तस्वीर जिसके बारे में हम बात कर रहे थे. 34 साल पहले युवा नरेंद्र मोदी घाटी के बीचों-बीच खड़े थे, ऐसे समय में जब लाल चौक तक पहुंचना भी सुरक्षा की बड़ी चुनौतियों का सामना करने जैसा था.

26 जनवरी 1992 की आईकॉनिक तस्वीर

बीजेपी ने मोदी की 34 साल पुरानी तस्वीर साझा करते हुए आगे लिखा- तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में 'एकता यात्रा' ने राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर कन्याकुमारी से श्रीनगर तक का सफर तय किया. 26 जनवरी 1992 को लाल चौक पर तिरंगा फहराने के साथ यह यात्रा संपन्न हुई. उस समय बीजेपी के युवा आयोजक रहे मोदी ने यात्रा के आयोजन में अहम भूमिका निभाई और इस ऐतिहासिक पल में डॉ. जोशी के साथ खड़े रहे.

कर्फ्यू, कड़ी सुरक्षा और उग्रवादियों की धमकियों के बीच लाल चौक पर तिरंगा फहराया गया. संकल्प का एक पल. साहस की एक यात्रा. एक युवा आयोजक ऐसे पल का गवाह बना जो भारत के राजनीतिक इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया. 34 साल बाद भी, यह तस्वीर उस यात्रा की याद दिलाती है जिसकी शुरुआत राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ हुई थी. एक युवा आयोजक से देश के नेता बनने तक, यह सफर जारी है.

सीएम योगी ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर दी बधाई

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर बधाई देते हुए लिखा- नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा को साधना, सुशासन को संकल्प और राष्ट्र निर्माण को सर्वोपरि ध्येय बनाकर जन-जन के जीवन में परिवर्तन की नई चेतना जगाई है. आज उनके 76वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी वाराणसी से 'सेवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ होगा.

अमित शाह ने बधाई देते हुए कहा- उनका जीवन अटूट संकल्प की गाथा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए. अमित शाह ने लिखा- अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ. कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है. सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें और उनके नेतृत्व में देश प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे.

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दी शुभकामना

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने भारत की वैश्विक स्थिति को बेहतर बनाने और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विकास को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना भी की. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपके दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत दुनिया में एक चमकते हुए सितारे और सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है."  उन्होंने कहा कि 25 करोड़ से अधिक भारतीय घोर गरीबी से बाहर निकले हैं. एक क्रांतिकारी डिजिटल बदलाव ने लाखों लोगों को सशक्त बनाया है और अंतरिक्ष, टेक्नोलॉजी व हेल्थकेयर से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग तक हर क्षेत्र में जबरदस्त विकास हुआ है.

17 सितंबर 1950 को हुआ था पीएम मोदी का जन्म

पीएम मोदी का जन्म 17 सितंबर, 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था. वह 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं. वर्तमान में उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है. वह देश के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री हैं. पीएम मोदी वाराणसी से सांसद हैं. वह 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे. इस वर्ष सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. विगत 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल में आपने सुशासन के अनेक नए प्रतिमान स्थापित किए हैं तथा समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति एवं नई दिशा प्रदान की है. सांस्कृतिक गौरव की भावना के साथ आधुनिक प्रगति के मार्ग पर चलते हुए हमारे देशवासी, विरासत और विकास के समन्वय को साकार कर रहे हैं. मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना करती हूं, ताकि आप जन-सेवा और राष्ट्र-निर्माण के अपने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहें.


यह भी पढ़ें - PM Modi 76th Birthday LIVE: पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन आज, देश जलाएगा 'आशीर्वाद का दीया', जानें हर अपडेट्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Birthday, PM Modi Birthday 17 Semptember, PM Modi Birthday Celebration, Pm Modi Birthday Wishes, Pm Modi Birthday Wishes News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com