पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं

Manmohan Singh's Birthday: पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बधाई. उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना."

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सोमवार को 90 वर्ष के हो गए.

खास बातें

  • पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आज 90 साल के हो गए
  • कांग्रेस के कई नेताओं ने मनमोहन सिंह को दी बधाई
  • अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) को सोमवार को उनके जन्मदिन पर बधाई दी तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की. कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी मनमोहन सिंह को शुभकामनाएं दीं. राज्यसभा सदस्य मनमोहन सिंह आज 90 साल के हो गए. 1990 के दशक में आमूलचूल आर्थिक सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले मशहूर अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई. उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं.''

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन दिन पर बधाई दी और सार्वजनिक जीवन में उनकी सेवा और योगदान को याद किया. राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'भारत के बेहतरीन राजनेताओं में से एक डॉक्टर मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई. उनकी विनम्रता, समर्पण और भारत के विकास में योगदान जैसी मिसालें बहुत कम मिलती है.'

उन्होंने कहा, 'वह मेरे और करोड़ों भारतीय नागरिकों लिए प्रेरणा हैं. मैं उनकी अच्छी सेहत और खुशहाली के लिए प्रार्थना करता हूं.'

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्विटर पर अपने शुभकामना संदेश में कहा, आदरणीय डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. उनके लंबे जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और उनकी खुशियों के लिए प्रार्थना करता हूं.

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट किया, 'मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने में मैं भी खुद को राष्ट्र के साथ जोड़ता हूं. उन्होंने भारत को गौरवशाली स्थिति तक पहुंचाने में नेतृत्व किया. करोड़ों भारतीय नागरिकों के लिए वह अब भी नायक हैं जो बोलते कम हैं और करते ज्यादा हैं. उनकी अच्छी सेहत और खुशहाली की कामना करता हूं..' 

इसके अलावा कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी.

कांग्रेस के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से किए गए ट्वीट में मनमोहन सिंह को शुभकामनाएं देते हुए लिखा गया, ''दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पण परिभाषित करता है कि भारत के लिए डॉ मनमोहन सिंह का क्या मतलब है. भारत के आर्थिक सुधारों के सूत्रधार, जिनकी शानदार दृष्टि ने भारत के आर्थिक विकास की कहानी को अगले स्तर तक पहुंचाया.''

मनमोहन सिंह ने 2004 में 14वीं लोकसभा में भारत के 13वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. विख्यात अर्थशास्त्री सिंह 2009 में दूसरी बार प्रधानमंत्री बने. उन्हें 1990 के दशक में देश में आमूलचूल आर्थिक सुधार के लिए भी जाना जाता है.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से भी )