विज्ञापन
This Article is From Feb 17, 2011

'खुद चुनाव लड़ते नहीं और दूसरों को डराते हैं पीएम'

New Delhi: भाजपा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बृहस्पतिवार को चुटकी लेते हुए कहा कि वह खुद तो चुनाव लड़ते नहीं और दूसरों को चुनाव से डराते हैं। भाजपा ने सिंह से कहा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसा साहस दिखाएं जिन्होंने भ्रष्टाचार के आगे झुकने की बजाय चुनाव में जाना पसंद किया था। पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि सिंह गठबंधन धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार को होने दे रहे हैं और उस पर अजीब तर्क दे रहे हैं कि अगर गठबंधन धर्म का ख्याल नहीं रखा गया तो हर छह महीने में चुनाव होंगे। उन्होंने सवाल किया, क्या गठबंधन धर्म या जल्दी जल्दी चुनाव होने के तर्क पर भ्रष्टाचार होने दिया जाए। वह खुद तो चुनाव लड़ते नहीं और दूसरों को चुनाव से डरा रहे हैं। शाहनवाज ने कहा, प्रधानमंत्री हर छह महीने में चुनाव होने से किसी को नहीं डराएं और यह बताएं कि उनके गठबंधन धर्म में भ्रष्टाचार की क्या मजबूरी है। उन्होंने कहा, सिंह को गठबंधन धर्म नहीं, बल्कि राजधर्म का पालन करना चाहिए और भ्रष्टाचार को किसी तर्क पर नहीं पनपने देना चाहिए। हर छह महीने पर चुनाव कराने की प्रधानमंत्री की धमकी पर उन्होंने कहा कि एक बार चुनाव कराके देख लीजिए, सारी गलतफहमी दूर हो जाएगी। भ्रष्टाचार और मंहगाई से आजिज़ जनता संप्रग की जगह सक्षम लोगों को सरकार बनाने का जनादेश देगी और हर छह महीने में चुनाव की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के हाल के उप-चुनावों में भाजपा की भारी जीत ने जनता के रूझान को साफ कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 1999 में भ्रष्टाचार के आगे झुकने की बजाय चुनाव में जाना पसंद किया था और सिंह को भी ऐसा साहस दिखाना चाहिए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Previous Article
PM मोदी जन्मदिन विशेष: जब नरेंद्र मोदी ने मां से नजदीकियों और अपने बचपन को याद कर सबको कर दिया था भावुक
'खुद चुनाव लड़ते नहीं और दूसरों को डराते हैं पीएम'
"तरंग शक्ति" मित्र देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास बनाने का एक माध्यम : राजनाथ सिंह
Next Article
"तरंग शक्ति" मित्र देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास बनाने का एक माध्यम : राजनाथ सिंह
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com