- मनोहर नगर निवासी कंटेंट क्रिएटर सूरज ओली ने वीडियो बनाकर उठाए सवाल
- सेक्टर-39 की निजी कंपनी में जॉब करते हैं सूरज, सोशल मीडिया पर फिटनेस वीडियो बनाते हैं
- कॉफी में प्लास्टिक के पार्टिकल्स मिलने का दावा, पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गुरुग्राम में ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मनोहर नगर निवासी कंटेंट क्रिएटर सूरज ओली ने दावा किया है कि शनिवार को ऑनलाइन ऑर्डर की गई कोल्ड कॉफी में बर्फ की जगह प्लास्टिक के टुकड़े या संदिग्ध कण मिले. सूरज ओली सेक्टर-39 स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं और फिटनेस से जुड़े वीडियो बनाते हैं. उनके मुताबिक, शनिवार को उन्होंने एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के जरिए 167 रुपये की कोल्ड कॉफी ऑर्डर की थी.
कॉफी की डिलीवरी होने के बाद उन्हें उसमें कुछ ऐसे टुकड़े दिखाई दिए, जिन्हें उन्होंने प्लास्टिक का बताया. इसके बाद सूरज ने कॉफी और उसमें मिले संदिग्ध टुकड़ों का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. वीडियो में सूरज ने सवाल उठाया कि आखिर कॉफी में बर्फ की जगह प्लास्टिक जैसे टुकड़े कैसे पहुंच गए. उनका कहना है कि यह मामला सिर्फ लापरवाही का नहीं, बल्कि लोगों की सेहत और खाद्य सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है.
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए मिलने वाले खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता और कंपनियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए हैं. हालांकि, कॉफी में मिले टुकड़े वास्तव में प्लास्टिक के ही हैं या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में यूनिटेक टावर की 12वीं मंजिल के छज्जे पर फंसा स्ट्रीट डॉग, रेस्क्यू का Video देख थम जाएंगी सांसें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं