गुरुग्राम के सेक्टर-112 स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ. ऊंचाई से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे से नाराज मजदूरों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की और पुलिस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) में भी तोड़फोड़ कर दी.
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-112 स्थित स्मार्ट वर्ल्ड गुरुग्राम सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर शुक्रवार को दो मजदूर करीब 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए. हादसे की आवाज सुनकर अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे. वहां एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल मिला.
मृतक की पहचान बिहार निवासी 25 वर्षीय दिलखुश के रूप में हुई है, जबकि घायल मजदूर 22 वर्षीय वासु, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है, का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
हादसे के बाद मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा. उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. मजदूरों ने ठेकेदार की कथित लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. विरोध के दौरान कुछ मजदूरों ने ठेकेदार को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की. सूचना मिलने पर पुलिस की ERV मौके पर पहुंची, लेकिन हालात और बिगड़ गए. गुस्साए मजदूरों ने पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ कर उसका शीशा तोड़ दिया.
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख बजघेड़ा थाना पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और श्रमिकों को शांत कराया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. हादसे के कारणों, निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और हंगामे की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें : दिल्ली के शख्स ने पत्नी को iPhone 18 Pro Max दिलाने के लिए बेच दिया खानदानी सोना, हर्ष गोयनका ने शेयर किया वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं