विज्ञापन

पंचकूला स्कूल मारपीट मामलाः 8 दिन बाद PGI से डिस्चार्ज हुई मासूम, जीत ली जिंदगी की जंग

बच्ची की चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा था. जहां 8 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच लंबी जंग लड़ने के बाद बच्ची को डिस्चार्ज कर दिया गया है. बच्ची जब अपने माता-पिता के साथ खुशी-खुशी घर लौट रही है तो परिवार के चेहरों पर लंबे समय बाद सुकून और मुस्कान दिखाई दी.

पंचकूला स्कूल मारपीट मामलाः 8 दिन बाद PGI से डिस्चार्ज हुई मासूम, जीत ली जिंदगी की जंग
पंचकूला के स्कूल में हुए खौफनाक हमले में 6 साल की मासूम बुरी तरह से घायल हो गई थी.
NDTV
चंडीगढ़:

पंचकूला के स्कूल में खौफनाक हमले को झेलने वाली मासूम आज 8 दिन बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गई. इस मासूम को जिस बेदर्दी से मारा गया, उसे देखकर हर कोई दहल गया. गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया था. जहां 8 दिनों तक वो जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ती रही. इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखकर देश भर से उसके लिए दुआएं मांगी गई थी. बच्ची की जिंदादिली, डॉक्टर की मेहनत, परिजनों की प्रार्थना और लोगों की दुआओं का असर दिखा. 

बच्ची को गोद में लेकर उसके रिश्तेदार हॉस्पिटल से निकले. बच्ची की तस्वीर तो हम नहीं दिखा सकते, इसलिए ब्लर किया गया है. लेकिन स्कूल में बच्ची पर हुए खरतरनाक हमले का वायरल सीसीटीवी फुटेज आप पहले ही देख चुके होंगे. 

पंचकूला के राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल में हुआ था हमला

पंचकूला के राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल में मारपीट की ये घटना घटी थी. सीसीटीवी फुटेज में 8 साल का एक बच्चा 6 साल की इस मासूम बच्ची को ईंट, गमलों से बुरी तरह मारता दिखा था. बाद में महिला व बाल विकास मंत्रालय ने भी इस घटना पर संज्ञान लिया था. स्कूल के प्रिसिंपल, टीचर सहित कई हटाए गए थे. 

8 दिन तक चला बच्ची का इलाज

बच्ची की चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा था. जहां 8 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच लंबी जंग लड़ने के बाद बच्ची को डिस्चार्ज कर दिया गया है. बच्ची जब अपने माता-पिता के साथ खुशी-खुशी घर लौट रही है तो परिवार के चेहरों पर लंबे समय बाद सुकून और मुस्कान दिखाई दी.

हजारों लोगों ने बच्ची की सलामती की दुआएं की

जिस घर में पिछले कई दिनों से चिंता, डर और दुआओं का माहौल था, वहां अब बच्ची की वापसी से खुशियों ने दस्तक दी है. इस दर्दनाक घटना ने न केवल पंचकूला बल्कि पूरे देश के लोगों को झकझोर कर रख दिया था. मासूम की सलामती के लिए हजारों लोगों ने दुआएं कीं. अब बच्ची के अस्पताल से घर लौटने की खबर ने उन सभी लोगों को राहत दी है, जो लगातार उसकी सेहत में सुधार की कामना कर रहे थे.

समाजसेवी भी मदद को आएं आगे

बच्ची के भविष्य को संवारने के लिए समाजसेवी भी आगे आए. एक तरफ जहां बच्ची और उसका परिवार इस मुश्किल दौर से उबरने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ समाज के कुछ संवेदनशील लोग उसके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए आगे आए हैं. समाजसेवी अनिल थापर ने बच्ची की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का ऐलान किया है.

हजारों लोगों की दुआओं की जीत

उन्होंने संकल्प लिया है कि बच्ची जब तक पढ़ाई करेगी, उसकी शिक्षा पर होने वाला पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे. आज इस नन्ही परी की घर वापसी सिर्फ एक परिवार की खुशी नहीं, बल्कि उन हजारों लोगों की दुआओं की जीत है, जिन्होंने उसके लिए हाथ उठाए थे. उम्मीद है कि समय के साथ उसके जख्म भरेंगे, चेहरे पर मुस्कान लौटेगी और वह फिर से किताबों, खेलों और अपने सुनहरे सपनों की दुनिया में लौट सकेगी.

यह भी पढे़ं - सिर पर चोट, आंखों में सूजन... पंचकूला स्कूल की मासूम की हालत में सुधार, दो शिक्षिकाओं पर गिरी गाज, सस्पेंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Panchkula School Assault, Panchkula School Incident, Panchkula News, PGI Chandigarh, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com