जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC पर तैनात भारतीय जवानों ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी नाबालिग को हिरासत में लिया है. यह घटना पुंछ के कृष्णघाटी सेक्टर के सलोत्री इलाके की है. यहां मुस्तैद सुरक्षाबलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए इस लड़के को दबोच लिया. संवेदनशील बॉर्डर इलाका होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही हैं.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए नाबालिग की पहचान जावेद अली के रूप में हुई है. ये पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के टेट्रिनोट का रहने वाला है. उसके पिता का नाम मोहम्मद शरीफ बताया जा रहा है. भारतीय सीमा में उसके कदम रखते ही वहां गश्त कर रहे जवानों की नजर उस पर पड़ गई और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया.
नदी में नहाने के दौरान रास्ता भटकने का दावा
हिरासत में लिए जाने के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने नाबालिग से पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती पूछताछ के दौरान जावेद अली ने दावा किया कि वह नियंत्रण रेखा के पास बहने वाली एक नदी में नहाने के लिए आया था. नहाते-नहाते उसे इस बात का अंदाजा नहीं रहा कि वह कब सीमा पार कर गया और अनजाने में गलती से भारतीय इलाके में दाखिल हो गया.
हालांकि, सुरक्षा बल उसके इस दावे को पूरी तरह सच मानकर ढील देने के मूड में नहीं हैं. सुरक्षा कारणों से इस बात की गहराई से तफ्तीश की जा रही है कि सीमा पार करने के पीछे का असल मकसद क्या था. क्या यह वाकई एक भूल थी या फिर इसके पीछे सीमा पार बैठे किसी हैंडलर की कोई सोची-समझी साजिश है, इसकी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तान सेना ने प्रदर्शनकारियों पर चलाई अंधाधुंध गोलियां, 30 से ज्यादा मौतें, 200 घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं