विज्ञापन
This Article is From Jul 19, 2025

भारतीय विमानों के लिए पाकिस्‍तान ने एयरस्‍पेस प्रतिबंध को और बढ़ाया, अब 24 अगस्‍त तक रहेगा बंद

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 अगस्त तक एक और महीने के लिए बंद रखने का फैसला किया है.

भारतीय विमानों के लिए पाकिस्‍तान ने एयरस्‍पेस प्रतिबंध को और बढ़ाया, अब 24 अगस्‍त तक रहेगा बंद
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि यह प्रतिबंध 24 अगस्त सुबह 5:19 बजे तक लागू रहेगा. (प्रतीकात्‍मक फोटो)
  • पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भारतीय एयरलाइंस की उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र 24 अगस्त तक बंद कर दिया है.
  • यह प्रतिबंध भारतीय स्वामित्व वाली सैन्य और नागरिक उड़ानों पर 24 अगस्त सुबह तक लागू रहेगा.
  • भारत ने पहलगाम हमले के बाद 24 जुलाई तक सभी पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखा है.
लाहौर:

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (Pakistan Airports Authority) ने भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 अगस्त तक एक और महीने के लिए बंद कर दिया है. शुक्रवार को भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजकर 50 मिनट पर लागू हुए नोटम (एयरमैन को नोटिस) के अनुसार, भारतीय एयरलाइनों द्वारा संचालित किसी भी विमान या भारतीय स्वामित्व वाली या लीज पर ली गई सैन्य और नागरिक उड़ानों को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी.

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि यह प्रतिबंध 24 अगस्त सुबह 5:19 बजे (भारतीय समयानुसार) तक लागू रहेगा.

भारत ने भी 24 जुलाई तक लगाया है बैन

जम्‍मू कश्‍मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के विरुद्ध कई कदम उठाए थे. इन कदमों के तहत ही 30 अप्रैल को भारतीय हवाई क्षेत्र को 24 जुलाई तक सभी पाकिस्तानी विमानों के लिए बंद कर दिया गया था.

वहीं पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था और दोनों देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को कई बार बढ़ाया जा चुका है.

ऑपरेशन सिंदूर के बाद से बौखलाया पाकिस्‍तान

पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों पर जबरदस्‍त कार्रवाई की थी, जिसमें कई आतंकी ढेर हो गए थे. इसके तहत भारत ने छह-सात मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया था. इसके बाद से ही पाकिस्‍तान बौखलाया हुआ है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan Airports Authority, Pakistan Airspace Ban, Operation Sindoor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com