- मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सीएम उमर अब्दुल्ला के विधायकों में बगावत दिख रही है.
- शुक्रवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के 24 विधायकों के एक गुट ने अलग से बैठक की है.
- इस बैठक में कुछ मांगों पर सहमति बनी है, यह विधायक सीएम उमर अब्दुल्ला से मिलना चाहते हैं.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हाल ही में मंत्रिमंडल का विस्तार किया था, जिसके बाद अब उनकी पार्टी में बगावत की खबरें सामने आ रही हैं. नेशनल कॉन्फ्रेंस के 24 विधायकों ने शुक्रवार को एक बैठक की है, जिसमें कुछ मांगों को लेकर सीएम उमर अब्दुल्ला को चेताया गया है. सूत्रों के मुताबिक बागी विधायकों की मुख्य मांग मुख्यमंत्री के सलाहकार और कुछ मंत्रियों को पद से हटाने की हुई है. इस बैठक के बाद जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. क्योंकि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले भी सीएम उमर अब्दुल्ला ने बयान दिया था कि अब विधायक उनके पास मंत्रिपद मांगने न आए, क्योंकि लिस्ट पूरी हो चुकी थी.
सीएम उमर अब्दुल्ला से मिलना चाहते हैं विधायक
एक असंतुष्ट विधायक का कहना है कि हम अपनी मांगें रखने के लिए मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं, हम पार्टी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सब कुछ पहले की तरह सामान्य रूप से नहीं चल सकता. मुख्यमंत्री को हमारी बात सुननी चाहिए और पार्टी व सरकार के हित में बदलाव करने चाहिए. बता दें कि 24 विधायकों के बागी खेमे में होने की खबर से उमर अब्दुल्ला की सरकार को भी चुनौती हो सकती है, क्योंकि 90 विधायकों वाली जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास 41 विधायक हैं, कांग्रेस पार्टी के 6 विधायकों और कुछ छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों के के समर्थन से उनकी सरकार चल रही है. लेकिन अगर यह बगावत बड़ी होती है तो फिर सरकार को खतरा हो सकता है.
डिप्टी सीएम के खिलाफ भी बागी विधायकों का गुट
कश्मीर में यह बैठक विधायक कैसर जमशेद लोन के बंगले पर हुई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विधायकों ने एक प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं जिसमें मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी को हटाने की मांग हुई है. इसके अलावा उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी सहित कुछ मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की गई है. इस बैठक में शामिल एक विधायक का कहना है कि हमने पार्टी के भीतर आंतरिक लोकतंत्र के लिए लड़ने की शपथ ली है, हम मुख्यमंत्री के सलाहकार और कुछ मंत्रियों को हटाने पार्टी के घोषणापत्र को लागू करने का रोडमैप तैयार करने और विधायकों को सशक्त बनाने की मांग कर रहे हैं.
ये वीडियो भी देखिए
हालांकि इन 24 विधायकों का कहना है कि हम बागी नहीं है, बल्कि हम तो हम पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं. बैठक में हर कोई चाहता था कि पार्टी एकजुट रहे. हम केवल जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि पार्टी और सरकार को कुछ ही लोगों की जागीर न समझा जाए. माना जा रहा था कि हालिया कैबिनेट विस्तार के बाद से ही मंत्री पद से चूक गए विधायकों में नाराजगी है. वहीं अब 24 विधायकों की बैठक के बाद राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है.
ये भी पढे़ंः जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला कैबिनेट का विस्तार, उपराज्यपाल ने 4 नए मंत्रियों को दिलाई शपथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं