विज्ञापन

ओडिशा UAE निवेश रोड शो को बड़ी सफलता, CM माझी ले आए 2.43 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव

ओडिशा सरकार के तीन दिवसीय यूएई निवेश संपर्क अभियान को बड़ी सफलता मिली है. राज्य सरकार को इस दौरान 2,43,162 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 6,18,725 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है.

ओडिशा UAE निवेश रोड शो को बड़ी सफलता, CM माझी ले आए 2.43 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव
दुबई में आयोजित सम्मेलन में उद्योगपतियों के साथ ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी.
NDTV
भुवनेश्वर:

ओडिशा सरकार के तीन दिवसीय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) निवेश संपर्क अभियान को बड़ी सफलता मिली है. राज्य सरकार को इस दौरान 2,43,162 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 6,18,725 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में अबू धाबी और दुबई में आयोजित इस निवेश अभियान के दौरान 24 समझौता ज्ञापनों और निवेश आशय पत्रों पर सहमति बनी. इस दौरान 52 व्यक्तिगत निवेशक बैठकों और विभिन्न राउंड टेबल चर्चाओं का आयोजन किया गया.

दुबई के इन्वेस्टर्स मीट में शामिल हुए करीब 400 उद्योगपति

अधिकारियों के अनुसार, दौरे के अंतिम दिन दुबई में ‘ओडिशा इन्वेस्टर्स मीट-यूएई 2026' का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 400 उद्योगपति, निवेशक और यूएई के कारोबारी समुदाय के सदस्य शामिल हुए. निवेश चर्चाओं में पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, वित्तीय निवेश, एलएनजी भंडारण, हरित ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा सेंटर, रेयर अर्थ मिनरल्स, जहाज मरम्मत, प्रोपेलेंट निर्माण, उर्वरक एवं रसायन, आवास, इस्पात तथा इस्पात आधारित उद्योगों सहित कई क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया.

माइंस के अवाला फूड सेक्टर में भी बड़े निवेश

राज्य सरकार ने बताया कि पारंपरिक खनन और खनिज क्षेत्रों के अलावा प्रोसेस्ड फूड सेक्टर भी बड़े निवेश अवसरों में शामिल है. दुबई में आयोजित निवेशक सम्मेलन के साथ मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कई प्रमुख निवेशकों और उद्योगपतियों से अलग-अलग मुलाकात भी की. इन बैठकों में परियोजना अवसरों, विनिर्माण, मूल्य संवर्धन, तकनीकी साझेदारी और दीर्घकालिक निवेश पर चर्चा हुई.

प्रवासी ओडिशा समुदाय से भी मिले सीएम माझी

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने दुबई में ओडिया समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की. इस कार्यक्रम में 800 से अधिक ओडिया प्रवासी शामिल हुए. इस अवसर पर ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को ओडिशी नृत्य और पारंपरिक लोक नृत्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिया प्रवासी समुदाय, राज्य की वैश्विक पहचान मजबूत करने और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

तीन दिवसीय दौरे में अबू धाबी और दुबई में हुए मीट

तीन दिवसीय दौरे के दौरान ओडिशा प्रतिनिधिमंडल ने अबू धाबी और दुबई में सरकारी, संस्थागत और व्यावसायिक प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकों में भाग लिया. इन चर्चाओं में क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ, धातु एवं धातुकर्म, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स, अक्षय ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवाएं, औद्योगिक बुनियादी ढांचा, पर्यटन, आईटी, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों को प्रमुखता दी गई.

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट पहल का भी प्रदर्शन

ओडिशा सरकार ने प्रवासी समुदाय के कार्यक्रम में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' पहल के तहत विभिन्न जिलों के स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता अवसरों का भी प्रदर्शन किया. मुख्यमंत्री माझी ने निवेशकों के लिए ओडिशा की प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के प्राकृतिक संसाधन, पर्याप्त ऊर्जा उपलब्धता, रणनीतिक बंदरगाह, मजबूत औद्योगिक आधार, कुशल मानव संसाधन और विकसित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र इसे निवेश के लिए आकर्षक बनाते हैं.

'दीर्घकालिक सहयोग स्थापित करना मकसद'

कार्यक्रम में सीएम मोहन चरण माझी ने कहा, "यूएई के साथ ओडिशा की साझेदारी केवल व्यक्तिगत निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विनिर्माण, व्यापार, तकनीक, निर्यात, नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग स्थापित करना है." मुख्यमंत्री ने यूएई की कंपनियों को भारत में अपने अगले विकास चरण के लिए ओडिशा को पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने का निमंत्रण भी दिया.

यह भी पढ़ें - ब्रिक्स सम्‍मिट में देसी स्‍वाद का जलवा, विदेशी मेहमानों को तोहफे में मिले बिहार के सत्तू-मखाना और ओडिशा की कॉफी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Odisha Govt, Odisha CM Mohan Charan Majhi, UAE Investments, Bhubaneswar, Mohan Charan Majhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com