IPS जगमोहन मीणा और ट्रेनी आईपीएस सीए रामदास के इस्तीफे के बाद चर्चा में आए ओडिशा कैडर में पुलिस के नए मुखिया की तलाश शुरू हो गई है. ओडिशा के मौजूदा पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया 16 अगस्त को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं. ऐसे में ओडिशा के नए डीजीपी पद के लिए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम सुर्खियों में हैं. ओडिशा सरकार ने डीजीपी वाई.बी. खुरानिया की सेवानिवृत्ति को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही राज्य के अगले पुलिस प्रमुख के चयन की प्रक्रिया में तेजी आ गई है.
इसके बाद ओडिशा पुलिस मुख्यालय से राज्य सरकार को उन पात्र आईपीएस अधिकारियों का पैनल भेजे जाने की खबर है, जो नए डीजीपी बनने की योग्यता रखते हैं. हालांकि, अंतिम फैसला संघ लोक सेवा आयोग की सिफारिशों के आधार पर होगा, जिसे राज्य सरकार यह पैनल भेजेगी.

odisha new dgp race yb khurania retirement ips jagmohan meena ca ramdas resignation
ओडिशा डीजीपी बनने की दौड़ में ये आईपीएस अधिकारी
1. आईपीएस डॉ. सुधांशु सारंगी
डॉ. सुधांशु सारंगी 1990 बैच के ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. ओडिशा के ढेंकनाल में जन्मे डॉ. सारंगी ने कटक के रेवेनशॉ कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक करने के बाद एम.ए. और एम.फिल. की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के लिवरपूल विश्वविद्यालय से जांच मनोविज्ञान में एम.एससी. और मनोविज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की.
अपने साढ़े तीन दशक लंबे प्रशासनिक करियर में डॉ. सारंगी को एक कुशल और तकनीक-प्रेमी अधिकारी के रूप में जाना जाता है. उन्होंने राज्य में पुलिस व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभाई है.
उन्होंने 2019 से 2021 के दौरान भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त के रूप में काम करते हुए कोविड-19 महामारी के समय नागरिक सहायता पहलों और कानून-व्यवस्था का बेहतरीन नेतृत्व किया, जिसकी आम जनता में काफी सराहना हुई. इसके अलावा वह ओडिशा राज्य पुलिस आवास एवं कल्याण निगम के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक तथा अतिरिक्त डीजीपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे हैं. मई 2023 से वह अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशक, होम गार्ड के कमांडेंट जनरल और नागरिक सुरक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत हैं.
2. आईपीएस आरपी कोचे
आरपी कोचे 1993 बैच के ओडिशा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं. महाराष्ट्र के अमरावती के मूल निवासी कोचे का जन्म 1 अगस्त 1968 को हुआ था. उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है. सितंबर 1993 में सीधी भर्ती के जरिए आईपीएस सेवा में प्रवेश करने वाले कोचे को खुफिया मामलों, आंतरिक सुरक्षा और पुलिस प्रशासन का लंबा और गहरा अनुभव है.
अपने करियर के दौरान उन्होंने ओडिशा पुलिस में कई जिम्मेदार और संवेदनशील पद संभाले हैं. वह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष सशस्त्र पुलिस) के पद पर रह चुके हैं और अप्रैल 2022 से खुफिया निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. जनवरी 2025 में उन्हें डीजीपी रैंक पर पदोन्नत किया गया था. खुफिया विभाग और आंतरिक सुरक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान के कारण केंद्र सरकार ने भी उन्हें महानिदेशक स्तर के पदों के लिए सूचीबद्ध किया है.
अपने शानदार और बेदाग सेवा रिकॉर्ड के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है, जिनमें 2009 में उत्कृष्ट सेवा के लिए 'पुलिस पदक', 2018 में 'पुलिस आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक' और 2020 में विशिष्ट सेवा के लिए 'राष्ट्रपति का पुलिस पदक' शामिल हैं.
ओडिशा कैडर में इस्तीफा देने वाले आईपीएस
1. आईपीएस जगमोहन मीणा
आईपीएस जगमोहन मीणा ने जुलाई में अपने पद से इस्तीफा दे दिया. वह ओडिशा कैडर के 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी थे. उन्होंने भुवनेश्वर डीसीपी के पद पर तैनात रहते हुए नौकरी छोड़ दी. सेवा के 13 साल बाद उनके अचानक इस्तीफा देने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया था.
2. आईपीएस सीए रामदास
आईपीएस चौधरी अभिजीत रामदास (CA Ramdas) के इस्तीफे ने हर किसी को चौंका दिया. महाराष्ट्र के रुई गांव के रहने वाले सीए रामदास ने 10 साल की कड़ी मेहनत और यूपीएससी में अपने अंतिम प्रयास में सफलता हासिल कर ओडिशा कैडर में आईपीएस का पद पाया था. जगमोहन मीणा के बाद सीए रामदास ने भी आईपीएस पद से इस्तीफा दे दिया. इनके इस्तीफे के कारणों का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है. खास बात यह है कि सीए रामदास अभी SVPNPA में अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रहे थे और उन्होंने ओडिशा कैडर में अपनी पहली फील्ड पोस्टिंग मिलने से पहले ही नौकरी छोड़ दी.
यह भी पढ़ें- IPS जगमोहन मीणा के बाद एक और आईपीएस ने छोड़ी नौकरी, सीए रामदास ने बीच ट्रेनिंग भेजा इस्तीफा
यह भी पढ़ें- IPS अभिजीत रामदास का इस्तीफा! UPSC में 10 साल के संघर्ष के बाद पाई 'ड्रीम जॉब' क्यों ठुकराई?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं