ओडिशा के मयूरभंज जिले से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है. उदला मेडिकल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि एंबुलेंस के अंदर मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर में कथित तौर पर जोरदार विस्फोट हो गया.
बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक मरीज की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतक की पहचान कुंडाबाई इलाके के रहने वाले सुयश कुमार बारिक के रूप में हुई है.
आग लगते ही ऑक्सीजन सिलेंडर फटा?
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में अचानक आग लगने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में आग ने एंबुलेंस को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. इसी दौरान एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने की सूचना है.
हादसे में सुयश कुमार बारिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

फिलहाल आग बुझा ली गई है
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को और फैलने से रोक लिया गया.
आग कैसे लगी, जांच की जा रही
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है. हादसे के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं