झारखंड में 108 एंबुलेंस सर्विस से जुड़े करीब दो हजार ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. कर्मचारियों के काम बंद करने से राज्य में इमरजेंसी एंबुलेंस सर्विस प्रभावित हुई है. कर्मचारियों ने 18 नवंबर की रात आठ बजे से काम बंद किया है. गुरुवार सुबह वे नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय पहुंचे और मेन गेट के पास सड़क पर प्रोटेस्ट शुरू कर दिया. हजारीबाग, धनबाद सहित कई जिलों में भी कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं. झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन नहीं मिला है. इसके अलावा फरवरी 2025 से वेतन में कथित मनमानी कटौती की जा रही है.
एंबुलेंस कर्मचारी संघ का आरोप है कि खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी फंड के दुरुपयोग और वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की शिकायतों पर भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई है.
क्यों नाराज हैं ड्राइवर और कर्मचारी?
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के मुताबिक, इससे पहले हेल्थ डिपार्टमेंट के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई बातचीत में छठ पूजा तक समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया था. तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ और न ही दूसरी मांगों पर कोई ठोस कदम उठाया गया.
संघ ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी. 108 एंबुलेंस सर्विस सड़क हादसों, प्रसव पीड़ा और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की अहम व्यवस्था है. ऐसे में हड़ताल से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ने की आशंका है.
ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में इसका असर ज्यादा पड़ सकता है. पोटका सहित कई प्रखंडों में पहले से ही कुछ एंबुलेंस खराब पड़ी हैं. फिलहाल, खबर छपने तक हेल्थ डिपार्टमेंट की तरफ से हड़ताल के दौरान मरीजों के लिए किसी वैकल्पिक व्यवस्था का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
यह भी पढ़ें | बेटे का इलाज करवाने आए पुलिसवाले ने डॉक्टर को पीटा, CCTV में कैद हुई घटना; लेकिन डॉक्टर पर ही हो गया केस
यह भी पढ़ें | दिवाली से पहले MP में 2 लाख सफाई कर्मचारी हड़ताल पर; गलियों-सड़कों पर लगा कचरे का अंबार, जानिए क्या है मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं