विज्ञापन

बारिश से बचने के लिए ली पेड़ की शरण, बिजली गिरने से एक की मौत; क्रिकेट खेल रहे दो बच्चों की भी गई जान

ओडिशा में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें एक बुजुर्ग और क्रिकेट खेल रहे दो नाबालिग बच्चे शामिल हैं. बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े होना जानलेवा साबित हुआ.

बारिश से बचने के लिए ली पेड़ की शरण, बिजली गिरने से एक की मौत; क्रिकेट खेल रहे दो बच्चों की भी गई जान
हादसे में मृत बच्चे.

ओडिशा में तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने एक बार फिर कहर बरपाया है. बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े होना एक बुजुर्ग के लिए जानलेवा साबित हो गया. एक बुजुर्ग की पेड़ के नीचे खड़े रहने से मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में क्रिकेट खेल रहे दो मासूम बच्चों की भी बिजली गिरने से जान चली गई.  

बारिश से बचना बना भारी

पहली घटना गजपति जिले के आर. उदयगिरि थाना क्षेत्र के तातारंगा गांव के पास हुई. कटामा गांव के रहने वाले जिराद राइता अपने छोटे भाई मोजेश राइता के साथ राशन लेकर घर लौट रहे थे. इसी बीच अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ आंधी चलने लगी.

बारिश से बचने के लिए दोनों भाई पास के इमली के पेड़ के नीचे खड़े हो गए. लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही उनकी सबसे बड़ी गलती बन जाएगी. अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई और दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए.

बुजुर्ग की मौत, भाई की हालत गंभीर

बिजली गिरते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े. आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला. ग्रामीणों ने पुराने तरीके से बचाने की कोशिश भी की, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ. बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने जिराद राइता को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके भाई मोजेश का इलाज जारी है और अब वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर भी गिरी बिजली

दूसरी घटना में दो नाबालिग बच्चे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे. अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली गिर गई. दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. यह खबर सुनते ही इलाके में मातम छा गया.

गांव में पसरा दुख और डर

इन दोनों घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, वहां गहरा दुख और सन्नाटा है. लोग अब डर के साये में हैं और मौसम खराब होते ही सुरक्षित जगह की तलाश करने लगे हैं. मौसम विभाग बार-बार चेतावनी देता है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़ा होना बेहद खतरनाक हो सकता है. ऐसे समय में पक्की इमारत के अंदर रहना ही सबसे सुरक्षित माना जाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Odisha Deaths, Lightning Kills 3, Thunderstorm Warning, Weather Forecast, Odisha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com