विज्ञापन

1.25kg सोना, 2 करोड़ कैश, 6 बंगले और 14 प्लॉट! इससे भी ज्यादा है ओडिशा के इंजीनियर की काली कमाई

ओडिशा में ITDA के इंजीनियर बैकुंठनाथ बेहरा पर आय से अधिक संपत्ति का बड़ा खुलासा हुआ है. विजिलेंस छापे में 1.255 किलो सोना, 2 करोड़ नकदी, 14 प्लॉट और कई आलीशान मकान बरामद हुए हैं. जांच में उनकी संपत्ति आय से 798% ज्यादा पाई गई.

1.25kg सोना, 2 करोड़ कैश, 6 बंगले और 14 प्लॉट! इससे भी ज्यादा है ओडिशा के इंजीनियर की काली कमाई

ओडिशा में भ्रष्टाचार का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है. ITDA के एक इंजीनियर के ठिकानों पर जब विजिलेंस टीम ने छापा मारा, तो मानो ‘सोने का पहाड़' ही निकल आया. अलमारियों से लेकर बैंक लॉकर तक सोने-चांदी से भरे मिले, वहीं करोड़ों रुपये की नकदी और आलीशान संपत्तियों की लंबी लिस्ट ने जांच एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए.

इंजीनियर के घर से निकला ‘सोने का खजाना'

ITDA बालिगुड़ा में तैनात सहायक कार्यपालक अभियंता (AEE) बैकुंठनाथ बेहरा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है. विजिलेंस की जांच में अब तक कुल 1.255 किलोग्राम सोना और बड़ी मात्रा में चांदी बरामद की जा चुकी है. यह खुलासा होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

बैंक लॉकर में भी छिपा था भारी माल

जांच के दौरान विजिलेंस टीम ने बेहरा के बैंक लॉकरों की तलाशी भी ली. पांचवें लॉकर से ही 703 ग्राम सोना और 375 ग्राम चांदी बरामद हुई. इसके बाद कुल सोने की मात्रा 1.255 किलोग्राम तक पहुंच गई. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि संपत्ति कितनी बड़ी मात्रा में इकट्ठी की गई थी.

करोड़ों की जमीन और आलीशान मकान

सिर्फ नकदी और सोना ही नहीं, बल्कि बेहरा के पास कई लग्जरी प्रॉपर्टी भी मिली हैं. भुवनेश्वर के नीलाद्रि विहार में 10,500 वर्गफुट का चार मंजिला बड़ा मकान, शैलश्री विहार में तीन मंजिला घर और शहर के अलग-अलग इलाकों कानन विहार, चंद्रशेखरपुर और जयरदेव विहार में कई महंगे मकानों का खुलासा हुआ है. इसके अलावा जाजपुर जिले में पैतृक जमीन पर भी एक मकान मिला है.

प्लॉट, कैश और लग्जरी सामान की भरमार

जांच में यह भी सामने आया कि भुवनेश्वर, धर्मशाला और बारिपदा में बेहरा के नाम 14 कीमती प्लॉट हैं. साथ ही 2.04 करोड़ रुपये नकद, करीब 45 लाख रुपये की बैंक जमा, एक ह्युंडई क्रेटा कार और 44.35 लाख रुपये के घरेलू सामान भी जब्त किए गए हैं. इतनी बड़ी रकम और संपत्ति देखकर जांच अधिकारी भी हैरान रह गए.

आय से 798% ज्यादा संपत्ति का खुलासा

विस्तृत जांच में सामने आया कि बैकुंठनाथ बेहरा ने अपनी ज्ञात आय से करीब 798 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति इकट्ठी की है. यह आंकड़ा अपने आप में इस पूरे घोटाले की गंभीरता को दिखाता है. फिलहाल विजिलेंस टीम उनके वित्तीय दस्तावेजों और संपत्ति के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी छिपी संपत्तियों का पता चल सकता है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com