अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान के बाद, एक और बॉलीवुड स्टार टीवी पर शो लेकर आ रहे हैं. खबर है कि अजय देवगन 'क्राइम पेट्रोल' के होस्ट के तौर पर अपना टेलीविजन डेब्यू करने जा रहे हैं. क्राइम पेट्रोल छोटे पर्दे का सबसे चर्चित शो रहा है. इसको कई टीवी कलाकारों ने होस्ट किया है, लेकिन अनूप सोनी क्राइम पेट्रोल को लंबे समय तक होस्ट करने वाले कलाकारों में से एक हैं. लेकिन अब टीवी की इस मशहूर शो में बॉलीवुड का तड़का लगने वाला है.
15 एपिसोड में दिखेंगे अजय देवगन
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट्स के मुताबिक अजय देवगन पहले ही इस शो के 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी कर चुके हैं. हालांकि उनका इस शो से लंबा जुड़ाव अभी पक्का नहीं है. मेकर्स पहले दर्शकों की प्रतिक्रिया और टीआरपी नंबर देखेंगे. अगर दर्शक अजय को होस्ट के रूप में पसंद करते हैं और शो के नंबर अच्छे आते हैं, तो वे आगे भी होस्टिंग जारी रखेंगे. अजय देवगन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है.
वीडियो किया शेयर
वीडियो में उन्होंने कहा, “कभी-कभी कुछ बातें ऐसी होती हैं जो हमें अंदर से झकझोर देती हैं. आज एक ऐसा ही सच मेरे सामने आया जिससे मैं हैरान रह गया. जल्द ही उसे आपके सामने लाऊंगा.” इस वीडियो में क्राइम पेट्रोल का जिक्र नहीं था, लेकिन फैंस में अटकलें तेज हो गईं. अजय के अलावा मिर्जापुर फेम अभिनेता राजेश तैलंग भी इस सीजन के कुछ एपिसोड होस्ट करेंगे. उनके एपिसोड की संख्या अभी तय नहीं हुई है. यह भी दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा कि अजय के एपिसोड कैसे चलते हैं.
8 कलाकार कर चुके हैं शो को होस्ट
क्राइम पेट्रोल में पहले भी कई कलाकारों ने होस्टिंग की है. अनूप सोनी मुख्य होस्ट रहे, लेकिन दिवाकर पुंडीर, शक्ति आनंद, साक्षी तंवर, संजीव त्यागी, दिव्यांका त्रिपाठी, सोनाली कुलकर्णी और आशुतोष राना जैसे नाम भी कभी-कभी नजर आए. अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान के बाद अब एक और बड़ा बॉलीवुड स्टार टीवी पर आ रहा है. अजय देवगन की होस्टिंग कैसी रहती है, यह देखने वाली बात होगी. नया सीजन जल्द शुरू होने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं