- नोएडा में गौर चौक पर लिंक रोड और अंडरपास नवीनीकरण का काम शुरू हो गया है.
- इससे गौर चौक पर अगले 2 हफ्तों तक भारी ट्रैफिक जाम रहने की संभावना है.
- नोएडा और ग्रेटर नोएडा, दिल्ली से आने वाले यात्री कुछ दिनों तक एक्सट्रा समय लेकर चले.
नोएडा के गौर चौक पर अगले कुछ दिनों तक भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति रहने वाली है. क्योंकि यहां लिंक रोड की मरम्मत का काम शुरू किया जा रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक प्रभावित होगा. खास बात यह है कि अब 8-लेन अंडरपास अब दीवाली के बाद ही खोला जाएगा, ऐसे में अगले कुछ महीनों तक यहां सफर करने में समय लगेगा. फिलहाल नोएडा-ग्रेटर नोएडा के सबसे सबसे व्यस्त चौराहों में से एक गौर चौक जिसे किसान चौक भी कहते हैं. यहां पर लिंक रोड के नवीनीकरण और वहां बन रहे अंडरपास के ऊपरी हिस्से को मजबूत करने का काम शुरू हो गया है, इस वजह से यातायात विभाग ने रूट डायवर्जन लागू किया कर दिया है. जिसकी वजह से कुछ दिनों तक यहां जाम की स्थिति रहेगी. ऐसे में हर दिन इस तरफ से यात्रा करने वाले लोग घरों से निकलने से पहले एक बार ट्रैफिक रूट जरूर देखें.
नोएडा गौर चौक पर 2 हफ्ते ट्रैफिक जाम
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण(GNIDA) की तरफ से 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ करीब 25-25 मीटर के हिस्से में पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट का काम शुरू किया जा रहा है. अंडरपास के भारी निर्माण कार्य के कारण सड़क का यह हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, सीमेंट-कंक्रीट को पूरी तरह पक्के होने में समय लगता है, जिसके कारण करीब दो हफ्तों तक इस पैच पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद या बेहद धीमी रहने वाली है. फिलहाल गौर चौक पर बन रहे इस 700 मीटर लंबे अंडरपास को पहले 15 अगस्त तक शुरू करने का लक्ष्य था. लेकिन फिनिशिंग, बिटमिनस सरफेसिंग, सड़क चिह्नीकरण और लाइटिंग के काम में समय लगने की वजह से इसे समय सीमा में पूरा नहीं किया जा सका.
दीवाली के बाद ट्रैफिक होगा आसान
ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों के मुताबिक इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को दीपावली यानि अक्टूबर के आखिरी हफ्ते तक आम जनता के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा. जिससे नोएडा में ट्रैफिक की समस्या थोड़ी आसान होगी. फिलहाल 60 करोड़ रुपए में इस प्रोजेक्ट को पूरा किया जा रहा था, लेकिन कुछ बदलावों के बाद इसके बजट में भी बदलाव कर दिया गया है, फिलहाल इसे 92 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है.
गौर चौक पर लंबा जाम
फिलहाल ग्रेटर नोएडा के गौर चौक पर लंबा जाम दिख रहा है. ताज हाईवे और गौर चौक के आसपास निर्माण कार्य की वजह से पीक-आवर में यहां सबसे ज्यादा ट्रैफिक देखा जाता है. जिसका असर गौर सिटी 1 और 2, चेरी काउंटी, निराला एस्टेट, ऐस सिटी, पंचशील ग्रीन्स और आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है. ऐसे में अगले दो हफ्ते तक यात्रा करने वाले लोग यहां समय लेकर ही चले.
नोएडा में वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल
जब तक गौर चौक पर नवीनीकरण का काम चलेगा. तब तक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है. वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे पार्थला फ्लाईओवर, एक मूर्ति चौक और आंतरिक सर्विस लेन के डायवर्जन रूट का उपयोग करें. घर से निकलने से पहले 15 से 20 मिनट का अतिरिक्त समय लेकर चलें ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर असर
गौर चौक पर चल रहे नवीनीकरण की वजह से नवीनीकरण पर भी सीधे तौर पर बैकअप ट्रैफिक का असर देखने को मिलेगा. क्योंकि गौर चौक ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गाजियाबाद और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली सीधी सड़क है. इसलिए यहां होने वाली किसी भी रुकावट का असर एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग पॉइंट्स पर पड़ेगा. ऐसे में फिलहाल कुछ दिनों तक यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलना होगा.
ये भी पढ़ेंः नोएडा में 2 नए मेट्रो कॉरिडोर की मंजूरी, बोड़ाकी, जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली का सफर आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं