- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को होगा, जहां आम यात्रियों को प्रीमियम सुविधाएं उपलब्ध होंगी
- एयरपोर्ट पर नो क्यू चेक इन सुविधा होगी, लंबी लाइनें नहीं होंगी, जिसमें सेल्फ बैगेज ड्रॉप मशीन से सेवा मिलेगी
- यात्री कम खर्च में पूरी तरह वातानुकूलित स्लीप पॉड्स बुक कर आरामदायक इंतजार कर सकेंगे
Noida Airport Opening Date: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को होना है. इस हवाई अड्डे में कई ऐसी सुविधाएं होंगी, जो देश के दूसरे किसी और एयरपोर्ट में नहीं हैं. जेवर एयरपोर्ट को ऐसे डिजाइन किया गया है कि एक इकोनॉमी क्लास के यात्री को भी प्रीमियम हवाई यात्रियों जैसी सुविधाएं मिलेंगी. नोएडा एयरपोर्ट की असली खासियत इसकी एफिशिएंसी यानी सटीकता में है. यहां एक आम यात्री को पार्किंग से लेकर फ्लाइट के गेट तक पहुंचने में मात्र 20-25 मिनट लगेंगे. दिल्ली जैसे बड़े एयरपोर्स पर इसमें अक्सर 45-60 मिनट लग जाते हैं.
1. बिना लाइनों के चेक इन
दिल्ली समेत देश के कई एयरपोर्ट पर अक्सर लंबी कतारें मुश्किलें खड़ी करती हैं, लेकिन नोएडा एयरपोर्ट पर नो क्यू चेक इन सुविधा होगी. यहां बड़ी संख्या में सेल्फ बैगेज ड्रॉप मशीनें होंगी. उससे अपनेआप बोर्डिंग पास स्कैन होंगे. बैग पर टैग लगाएंगे और वह खुद ब खुद बेल्ट पर चला जाएगा. आपको एयरलाइन काउंटर पर खड़े होने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी.पूरे टर्मिनल में डिजी यात्रा (DigiYatra) फेस स्कैनिंग होगी, जिससे बार-बार आधार कार्ड या टिकट दिखाने की जहमत नहीं उठानी पड़ेगी.
2. आरामदायक 'वेटिंग लाउंज' और स्लीप पॉड्स
एयरपोर्ट पर आमतौर पर लाउंज केवल बिजनेस क्लास के लिए होते हैं, लेकिन जेवर एयरपोर्ट पर आम यात्रियों के लिए भी खास इंतजाम होंगे. अगर आपकी फ्लाइट में देरी है या आप जल्दी पहुंच गए हैं तो आप बहुत कम खर्च (लगभग 500-800 रुपये प्रति घंटा) पर छोटे स्लीपिंग पॉड्स बुक कर सकते हैं. ये पूरी तरह एसी, वाई-फाई और चार्जिंग पॉइंट से लैस होंगे.

Noida Airport
3. फ्री रिलैक्सेशन जोन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल के परिसर में ऐसी जगहें बनाई गई हैं जहां आप बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के पेड़ों और धूप के बीच आराम से बैठ सकते हैं. स्लीपिंग पॉड्स जैसी सुविधाओं पर खर्च नहीं करना है तो इसका लाभ उठाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें - नोए़डा एयरपोर्ट उद्घाटन को CM योगी का ग्रीन सिग्नल , जानें टिकट बुकिंग, उड़ानें कब और कहां-कहां से शुरू होंगी
4. स्मार्ट पार्किंग और पॉड टैक्सी
दिल्ली एयरपोर्ट पर पार्किंग से टर्मिनल तक पहुंचना एक बड़ा काम है. यहां पार्किंग एरिया को टर्मिनल के इतना करीब रखा गया है कि आप पैदल ही 5 मिनट में पहुंच जाएंगे. इकोनॉमी क्लास यात्री भी फिल्म सिटी या आसपास के क्षेत्रों से सीधे 'पॉड टैक्सी' लेकर टर्मिनल के एंट्री गेट पर उतर सकेंगे. यह सुविधा भारत में पहली बार मिल रही है.
5. सस्ता और हाइजीनिक स्ट्रीट फूड कॉर्नर
एयरपोर्ट का खाना अक्सर बहुत महंगा होता है, लेकिन नोएडा एयरपोर्ट में एक अफोर्डेबल ईटरी यानी भोजनालय (Affordable Eatery) सेक्शन बनाया गया है. यहां हल्दीराम या बीकानेरवाला जैसे ब्रांड के साथ-साथ स्थानीय वेंडर्स होंगे. आप 100-200 रुपये में अच्छा नाश्ता या भोजन कर पाएंगे. एयरपोर्ट के महंगे कैफे में नहीं जाना चाहते तो ये बेहतर विकल्प होगा.
6. हर गेट पर चार्जिंग और हाईस्पीड वाई-फाई
नोएडा एयरपोर्ट पर यूनिवर्सल चार्जिंग सुविधा होगी. यहां हर दूसरी कुर्सी के पास इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के चार्जिंग पोर्ट और USB टाइप-C पॉइंट दिए गए हैं. पूरा एयरपोर्ट हाईस्पीड 5G जोन होगा, जहां यात्री बिना किसी रुकावट के मूवी डाउनलोड कर सकेंगे या काम कर सकेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं