- भारत के दो जहाज जग वसंत और पाइन गैस ने होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़ना शुरू किया है
- दोनों जहाजों पर कुल 92,612.59 टन एलपीजी लदा हुआ है जो भारत की एक दिन की खपत के बराबर है
- होर्मुज पार करने से पहले जहाज ईरान के लारक और क्वेशम द्वीपों के बीच से गुजरे और जांच की गई थी
भारत के दो और जहाजों ने होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया है और वह भारत की ओर बढ़ रहे हैं. दोनों भारतीय जहाजों 'जग वसंत' और 'पाइन गैस' ने सोमवार को ही होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया था. अब दोनों भारत की ओर आ रहे हैं और इनके दो-चार दिन में भारत पहुंचने की उम्मीद है. दोनों जहाज एक-दूसरे के करीब चल रहे हैं. इन जहाजों की तस्वीर और वीडियो सामने आ गए हैं.
होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत आ रहे इन दोनों जहाजों पर 92,612.59 टन LPG है. इतनी LPG भारत की एक दिन की खपत के बराबर है. जहाजों की ट्रैकिंग करने वाली वेबसाइट से पता चलता है कि होर्मुज स्ट्रेट पार करने से पहले दोनों जहाज ईरान के लारक और क्वेशम द्वीपों के बीच से होकर गुजरे थे. माना जा रहा है कि दोनों जहाजों को होर्मुज पार करने की इजाजत देने से पहले ईरान ने इनकी जांच की थी.
Visuals of Pine Gas LPG Carrier, which crossed the Strait of Hormuz
— ANI (@ANI) March 24, 2026
Two Indian LPG carriers, Jag Vasant and Pine Gas, carrying 92,612.59 MT of LPG, have transited through the Strait of Hormuz. The vessels have 33 and 27 Indian seafarers onboard, respectively. These vessels are… pic.twitter.com/nkc12f3Tnh
विश्लेषकों का कहना है कि जहाजों को होर्मुज करने की इजाजत देने से पहले ईरान इनकी जांच करता है कि जहाज पर लदा माल और जहाज अमेरिका के तो नहीं हैं.
यह भी पढ़ेंः सरकारी दफ्तरों में छुट्टियां, पेट्रोल-डीजल का कोटा फिक्स; ईरान युद्ध ने दुनियाभर में कैसे मचाई अफरा-तफरी?
अब 'जग वसंत' और 'पाइन गैस' होर्मुज पार कर तेजी से भारत की ओर बढ़ रहे हैं. 'जग वसंत' पर 33 और 'पाइन गैस' पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं. 'जग वसंत' के 26 मार्च और 'पाइन गैस' के 28 मार्च को भारत पहुंचने की उम्मीद है.
युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 4 भारतीय जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की इजाजत मिल चुकी है. पिछले हफ्ते ही दो भारतीय जहाज- 'शिवालिक' और 'नंदा देवी' भारत पहुंचे थे. इन दोनों जहाजों पर 92,700 टन LPG थी.
28 फरवरी को जंग शुरू होने से पहले तक होर्मुज स्ट्रेट पर 28 भारतीय जहाज मौजूद थे. इनमें से 24 जहाज पश्चिमी और 4 जहाज पूर्वी हिस्से में थे. शिपिंग मिनिस्ट्री के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया था कि अब भी 20 जहाज होर्मुज में फंसे हुए हैं, जिनमें से 5 पर LPG लदी है.
यह भी पढ़ेंः ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले से पलटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तो तेहरान ने उड़ाया मजाक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं