विज्ञापन

कोई तकनीकी खराबी नहीं, इस वजह से 4 घंटे हवा में अटकी रही फ्लाइट, बेंगलुरु उतरे विमान का सच आया सामने

हैदराबाद से हुबली जा रहे विमान को बेंगलुरु की ओर मोड़ा गया. यह विमान करीब 4 घंटे आसमान में अटका रहा. इसकी क्या वजह थी विमान कंपनी ने साफ कर दिया है.

कोई तकनीकी खराबी नहीं, इस वजह से 4 घंटे हवा में अटकी रही फ्लाइट, बेंगलुरु उतरे विमान का सच आया सामने
हैदराबाद से हुूबली जा रहा प्लेन बेंगलुरु मोड़ा गया
fly91
  • हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 की फ्लाइट को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु डायवर्ट किया गया
  • विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी और फ्लाइट को स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल के तहत डायवर्ट किया गया
  • फ्लाइट करीब साढ़े तीन घंटे हवा में रही, जिससे यात्री घबराए और कुछ रोने लगे थे
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

हैदराबाद से कर्नाटक के हुबली जा रहे Fly91 कंपनी के एक विमान को खराब मौसम की वजह से बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया. यह विमान करीब साढ़े तीन घंटे तक हवा में रहा. विमान में बैठे यात्री काफी घबरा गए और कुछ यात्री रोने लगे. इस फ्लाइट में सफर कर रही एक महिला का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो रोती हुई नजर आ रही है. वीडियो वायरल होने के बाद विमान कंपनी Fly-91 का बयान सामने आया है. विमान कंपनी ने बताया है कि फ्लाइट में कोई तकनीकी खराबी नहीं आई थी. खराब मौसम की वजह से स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया था.

कंपनी का बयान आया सामने

FLY91 ने बताया कि हैदराबाद से हुबली जाने वाली फ़्लाइट IC3401 में कोई तकनीकी खराबी नहीं आई थी. फ्लाइट हैदराबाद से दोपहर 3 बजे रवाना हुई थी. हुबली के पास पहुंचने पर, फ़्लाइट को खराब मौसम का सामना करना पड़ा, जिसके कारण स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल के अनुसार फ़्लाइट को बेंगलुरु डायवर्ट कर दिया गया. इसके बाद फ्लाइट हुबली लौटी और फिर अपने होम बेस हैदराबाद वापस आ गई. सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया. विमान को हुबली के ऊपर होल्ड करना और बेंगलुरु डायवर्ट करना स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का हिस्सा था. यह इंडस्ट्री द्वारा अपनाई जाने वाली सबसे अच्छी प्रथाओं में से एक है.

विमान में सफर कर रहे यात्रियों ने शेयर किया वीडियो

विमान में बैठे कुछ यात्रियों ने इस घटना का वीडियो बनाया है, जिसमें दिख रहा है कि यात्री डर के मारे कांप रहे थे. उनमें से कई लोग प्रार्थना कर रहे थे तो कई लोग रोने लगे थे. इस बीच, यात्रियों के परिजनों ने Fly91 एयरलाइंस को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने एयरलाइंस पर संचार की कमी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई भी सही जानकारी या अपडेट नहीं दिया गया.

यह भी पढ़ेंः 148 यात्रियों को दिल्ली ले जा रही फ्लाइट के कॉकपिट में दिखा धुआं, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

बता दें कि विमान बाद में शाम करीब साढ़े छह बजे बेंगलुरु में उतरा और मौसम में सुधार होने के बाद रात करीब 11 बजे उसे फिर हुबली रवाना किया गया. सूत्रों ने बताया कि विमान में 22 यात्री सवार थे. अधिकारियों ने क्षेत्र में मौसम के कारण अन्य उड़ानों में भी इसी तरह की बाधाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक अन्य उड़ान को भी गोवा की ओर मोड़ना पड़ा. अधिकारी ने कहा, ‘सभी यात्री सुरक्षित हैं. कोई समस्या नहीं है.'

यह भी पढ़ें: VIDEO: कोई रोया तो कोई चीखा-चिल्लाया... जब बीच हवा में बेकाबू हो गई फ्लाइट, 4 घंटे तक डर के साये में रहे यात्री

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com