विज्ञापन

वाराणसी: हवा में विमान का गेट खोलने लगा यात्री, फिर बोला- 'मुझ पर भूत का साया'; पायलट की सूझबूझ से टला हादसा

इंडिगो के एक विमान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने लैंडिंग के वक्त विमान का गेट खोलने की कोशिश की. पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए वापस विमान को हवा में ले गया और थोड़ी देर बाद लैंड कराया.

वाराणसी: हवा में विमान का गेट खोलने लगा यात्री, फिर बोला- 'मुझ पर भूत का साया'; पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
सांकेतिक तस्वीर.
AI Generated Image
  • बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री ने लैंडिंग के समय इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की
  • पायलट ने तुरंत विमान को फिर से हवा में उठा लिया जिससे यात्रियों की जान सुरक्षित रही
  • आरोपी मोहम्मद अदनान को एयरलाइंस सुरक्षा और सीआईएसएफ ने तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस को सौंपा गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
वाराणसी:

बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सिरफिरे यात्री ने हवा में ही विमान के इमरजेंसी गेट को खोलने की कोशिश की. यात्री ने यह हरकत उस समय की जब विमान वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड करने ही वाला था. यात्री की इस हरकत के बाद विमान में सवार यात्रियों की जिंदगी दांव पर लग गई.

जानकारी के मुताबिक, विमान जमीन से महज 500 फीट की ऊंचाई पर लैंडिंग पोजिशन में था. इसी दौरान इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की सूचना मिलते ही पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और विमान को फिर से आसमान की ओर ले गया. बाद में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद केबिन क्रू और यात्रियों ने राहत की सांस ली. 

सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आरोपी यात्री को तत्काल एयरलाइंस के सुरक्षाकर्मियों और सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया. उसके बाद यात्री को पुलिस को सौंपते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया. 

यह भी पढ़ेंः Exclusive: मॉडर्न, भव्यता और संस्कृति का संगम, देखिए अंदर से कितना खूबसूरत दिखता है नोएडा एयरपोर्ट

रनवे पर लैंडिंग के वक्त अटकी सांसें

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-185 ने शनिवार रात करीब सवा आठ बजे बेंगलुरु से उड़ान भरी थी. मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का रहने वाला मोहम्मद अदनान नाम का युवक इस फ्लाइट में सवार था. सफर शुरू होने के महज 15 मिनट बाद ही उसने पहली बार इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़ की थी, लेकिन तब क्रू ने उसे समझाकर शांत कर दिया था.

बाद में वह आराम से अपनी सीट पर बैठा रहा. बताया जा रहा है कि उसके बाद जब विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था और केबिन क्रू ने जैसे ही इसकी जानकारी दी, उसी समय रात करीब 10:20 बजे अदनान ने फिर से इमरजेंसी एग्जिट के लिए बटन दबाने की कोशिश की. क्रू ने तुरंत इसकी सूचना दी और पायलट सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वापस हवा में ले गया. फिर दूसरी कोशिश में रात 10:35 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई.

यह भी पढ़ेंः जेवर एयरपोर्ट कैसे पहुंचें, जानिए रास्ते, ट्रैवल का समय और कैब किराया तक, पूरी डिटेल

आरोपी मोहम्मद अदनान.

आरोपी मोहम्मद अदनान.

आरोपी बोला- मुझ पर भूत का साया

हवाई अड्डे पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसे नहीं पता उसने ऐसा क्यों किया. उसने बताया कि उसके उपर भूत का साया है. हालांकि बाद में थाने में पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह गोवा घूमने गया था और वहां से वापस लौट रहा था. बाद में उसने यह भी कहा कि उसे अंदाजा नहीं था कि एक बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है.

पुलिस ने दर्ज किया केस 

इंडिगो के सुरक्षा प्रबंधक देवांशु प्रताप सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. मऊ में रहने वाले अदनान के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है. घरवाले वाराणसी के लिए रवाना हो चुके हैं और उनके आने के बाद ही और स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी. फिलहाल, पुलिस के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम यात्री से पूछताछ कर रही है.

यह भी पढ़ेंः ₹2,800 करोड़ सीधे हाथ में, नोएडा एयरपोर्ट से बरसेगा पैसा! हर साल 1 ट्रिलियन की आय और 50 लाख लोगों को काम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com