विज्ञापन

पाक गैंगस्टर भट्टी के गुर्गों पर NIA का बड़ा शिकंजा, पंजाब से हरियाणा तक 18 ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप

NIA ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी शाहजाद भट्टी से जुड़े तीन आतंकी-गैंगस्टर मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब और हरियाणा में कई ठिकानों पर छापेमारी की.

पाक गैंगस्टर भट्टी के गुर्गों पर NIA का बड़ा शिकंजा, पंजाब से हरियाणा तक 18 ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
  • NIA ने पंजाब और हरियाणा में पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ 18 ठिकानों पर छापेमारी की.
  • कार्रवाई पाकिस्तान में बैठे आतंकी शाहजाद भट्टी और उसके भारत में सहयोगियों के खिलाफ की गई जांच के तहत हुई.
  • NIA ने जालंधर ग्रेनेड हमले, सिरसा महिला थाने धमाके और अंबाला कार बम धमाके में शाहजाद भट्टी की भूमिका पाई.
नई दिल्ली:

पाकिस्तान से भारत में आतंकी साजिशों को अंजाम देने वाले नेटवर्क के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार को पंजाब और हरियाणा में एक साथ 18 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई पाकिस्तान में बैठे आतंकी शाहजाद भट्टी से जुड़े तीन बड़े आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क मामलों की जांच के तहत की गई है. एजेंसी की कई टीमों ने सुबह से ही संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी शुरू की. इस दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और दूसरे अहम सबूत कब्जे में लिए गए.

जांच एजेंसी का कहना है कि जब्त किए गए मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दस्तावेज और कम्युनिकेशन से जुड़े रिकॉर्ड की अब तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. इन सबूतों के जरिए NIA यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहे इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे और भारत में आतंकी गतिविधियों को किस तरह अंजाम दिया जा रहा था.

शाहजाद भट्टी के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश

NIA की जांच का मुख्य फोकस पाकिस्तान बेस्ड आतंकी शाहजाद भट्टी और उसके भारत में मौजूद सहयोगियों पर है. एजेंसी के मुताबिक, भट्टी सीमा पार से बैठकर भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और गैंगस्टर नेटवर्क के जरिए हमलों की साजिश रचने में शामिल रहा है. NIA ने इस पूरे मामले को सिर्फ आतंकी हमलों तक सीमित नहीं माना है, बल्कि इसे एक बड़े क्रॉस बॉर्डर नेटवर्क के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें आतंकी संगठन, गैंगस्टर और उनके मददगार आपस में जुड़े हो सकते हैं.

जालंधर ग्रेनेड अटैक से खुला बड़ा नेटवर्क

NIA की जांच में सामने आया कि मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रोजर संधू के घर हुए ग्रेनेड हमले की साजिश के पीछे शहजाद भट्टी का हाथ था. इस हमले के बाद जांच एजेंसियों ने कई एंगल पर जांच शुरू की थी. NIA ने जांच अपने हाथ में लेने के बाद डिजिटल सबूतों, संदिग्धों के संपर्क और दूसरे इनपुट के आधार पर पाकिस्तान कनेक्शन तक पहुंच बनाई. NIA ने अप्रैल 2026 में इस मामले में शहजाद भट्टी को फरार आरोपी घोषित करते हुए चार्जशीट दाखिल की थी. इसके अलावा एक अन्य आरोपी को भी मामले में आरोपी बनाया गया था.

सिरसा महिला थाने धमाके में भी भट्टी का नाम

जांच के दौरान NIA को पता चला कि हरियाणा के सिरसा महिला पुलिस स्टेशन में नवंबर 2025 में हुए धमाके के पीछे भी शाहजाद भट्टी की भूमिका थी. इस मामले में एजेंसी ने मई 2026 में नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की. इसमें शाहजाद भट्टी के अलावा पाकिस्तान में मौजूद उसके कथित हैंडलर सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलोच का नाम भी शामिल किया गया. NIA के मुताबिक, यह हमला भी एक बड़ी आतंकी साजिश का हिस्सा था, जिसका मकसद डर का माहौल पैदा करना और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना था.

अंबाला पुलिस स्टेशन कार बम धमाके की भी जांच

NIA की जांच में एक और बड़ा खुलासा अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में जनवरी 2026 में हुए धमाके को लेकर हुआ. यह मामला कार बम धमाके से जुड़ा है. जांच के दौरान गिरफ्तार एक आरोपी के शाहजाद भट्टी के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद NIA ने इस एंगल से भी जांच तेज कर दी कि क्या यह हमला भी सीमा पार बैठे नेटवर्क के निर्देश पर किया गया था.

छापेमारी में क्या मिला?

NIA ने मंगलवार की कार्रवाई में कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और संदिग्ध संपर्कों से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए हैं. एजेंसी इनकी जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि आरोपी आपस में कैसे संपर्क में थे, पैसों का लेन-देन कैसे होता था और आतंकी गतिविधियों को किस तरह अंजाम दिया जा रहा था. इसके अलावा कुछ संदिग्धों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने को कहा गया है. उनसे पूछताछ के जरिए नेटवर्क के दूसरे सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी.

सीमा पार साजिश की हर कड़ी जोड़ रही NIA

NIA का कहना है कि इन तीनों मामलों की जांच अभी जारी है. एजेंसी का मकसद सिर्फ हमलों में शामिल लोगों को पकड़ना नहीं बल्कि पूरे आतंकी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पाकिस्तान से बैठे आतंकी किस तरह भारत में मौजूद गैंगस्टर नेटवर्क, स्थानीय मददगारों और दूसरे संपर्कों का इस्तेमाल कर रहे थे. NIA की यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि सुरक्षा एजेंसियां आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चला रही हैं और सीमा पार से चलने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.

ये भी पढ़ें : PoK में पाकिस्तान सेना ने प्रदर्शनकारियों पर चलाई अंधाधुंध गोलियां, 30 से ज्यादा मरे, 200 घायल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NIA Raid, Shahzad Bhatti
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com