विज्ञापन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कई जगह बने हुए गड्ढे, NHAI ने निर्माण कंपनी को किया सस्पेंड

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहली ही बारिश में कई जगह गड्ढे बनने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए NHAI ने एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी को सस्पेंड कर दिया है.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कई जगह बने हुए गड्ढे, NHAI ने निर्माण कंपनी को किया सस्पेंड
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए गड्ढों पर NHAI ने किया एक्शन
Social Media
  • दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहली बारिश क बाद ही कई जगह हुए बड़े गड्ढे
  • लबान से सवाई माधोपुर के बीच कई हिस्सों में सड़क उखड़ गई है
  • NHAI ने एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी को सस्पेंड किया, मरम्मत के लिए दूसरी कंपनी को काम सौंपा

देश के सबसे आधुनिक माने जाने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है. कोटा से सवाई माधोपुर के बीच, खासकर लबान से सवाई माधोपुर तक एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. सड़क की खराब स्थिति के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. एक्सप्रेसवे के गड्ढों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं. NHAI ने इस मामले में एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी पर एक्शन किया है. NHAI ने निर्माण कंपनी को सस्पेंड कर दिया है.

पहली ही बारिश में कई जगह उखड़ी सड़क

पहली ही बारिश के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह सड़क उखड़ गई है. लबान से सवाई माधोपुर के बीच कई हिस्सों में बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है. वाहन चालकों से इस मार्ग पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है. अभी मॉनसून की शुरुआत ही हुई है, ऐसे में सड़क की यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

एक्सप्रेस वे का वीडियो बनाने वाले राहगीर क्रांति तिवारी ने बताया कि यह वीडियो उन्होंने करीब 7 दिन पहले बनाया था जब वह उस सड़क से गुजर रहे थे, सड़क कई स्थानों पर बेहद खराब हो चुकी है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने संबंधित एजेंसियों से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. वहीं, सोशल मीडिया पर भी लोग सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जता रहे हैं. 

NHAI ने किया एक्शन

सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. उधर NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि जिस निर्माण कंपनी ने इस हिस्से का काम किया था, उसे सस्पेंड कर दिया गया है. अब दूसरी ठेकेदार फर्म सड़क की मरम्मत का कार्य कर रही है और जल्द ही पूरे खराब हिस्से को दुरुस्त कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा सवाई माधोपुर जिले की सीमा में आता है.

देश के सबसे महत्वाकांक्षी एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट में पहली ही बारिश के बाद सड़क का उखड़ना चिंता का विषय बन गया है. ऐसे में जब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता, वाहन चालकों को इस मार्ग पर सावधानी से यात्रा करने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के शामली इंटरचेंज पर हुए गड्ढे, ढाई महीने में ही हालत खराब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NHAI, Delhi Mumbai Expressway, Delhi Mumbai Expressway Crash, Delhi Mumbai Expressway Hole, Delhi Mumbai Expressway In Rajasthan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com