- ग्रेटर नोएडा में iPhone 18 Pro स्नैचिंग, रास्ता पूछकर बदमाश ले उड़े फोन
- ऑफिस जा रही युवती बनी निशाना, बाइक सवार बदमाश फरार
- एक मूर्ति गोलचक्कर पर दिनदहाड़े स्नैचिंग
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक युवती को ऑनलाइन भुगतान करना उस समय भारी पड़ गया, जब दो शातिर बदमाश उसका नया iPhone 18 Pro झपटकर फरार हो गए. घटना बिसरख थाना क्षेत्र के एक मूर्ति गोलचक्कर के पास की है, जहां युवती ई-रिक्शा से ऑफिस जा रही थी. जैसे ही उसने किराया देने के लिए मोबाइल निकाला, बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे. उन्होंने पहले पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और फिर फोन के बारे में पूछकर मौका मिलते ही मोबाइल छीन लिया. घटना का मामला पुलिस तक पहुंच गया है.
ऑफिस जाते समय हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, सेंचुरियन पार्क सोसाइटी निवासी शुभी भंडारी सोमवार सुबह ऑफिस जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं. जब ई-रिक्शा एक मूर्ति गोलचक्कर के पास पहुंचा तो उन्हें चालक को ऑनलाइन भुगतान करना था. जैसे ही उन्होंने अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन करने के लिए फोन निकाला, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आकर रुके.

FIR की कॉपी
रास्ता पूछने के बहाने बनाया निशाना
पीड़िता के अनुसार, दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था. उन्होंने पहले एक पते के बारे में जानकारी मांगी और बातचीत शुरू की. इसी दौरान उनकी नजर शुभी के हाथ में मौजूद नए मोबाइल फोन पर पड़ी. आरोप है कि बदमाशों ने पूछा, 'क्या यह नया वाला iPhone है?' शुभी के 'हां' कहते ही एक बदमाश ने उनके हाथ से फोन झपट लिया और दोनों आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए.

Photo Credit: थाने में दर्ज करायी गई शिकायत की कॉपी
तीन दिन पहले खरीदा था फोन
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि यह iPhone 18 Pro महज तीन दिन पहले ही खरीदा गया था. परिवार के अनुसार, मोबाइल नया होने के कारण युवती उसे नियमित रूप से इस्तेमाल कर रही थीं. अचानक हुई इस घटना से परिवार हैरान है.
बिसरख थाने में दर्ज हुई शिकायत
वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई. उपलब्ध एफआईआर के अनुसार, शुभी भंडारी ने शिकायत में बताया कि ई-रिक्शा का भुगतान करते समय दो अज्ञात बाइक सवार उनका iPhone 18 Pro लेकर भाग गए. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस दिशा में फरार हुए और वारदात में इस्तेमाल बाइक की पहचान की जा सके.
यह भी पढ़ें : iPhone 18 Pro खरीदने भारत से दुबई जा रहे लोग, बताया कितना पड़ रहा है सस्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं