- नेपाल की बाढ़ में बड़े-बड़े पुल बह गए. लेकिन एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक दो मंजिला घर सुरक्षित रहा.
- हरे रंग का यह दो मंजिला घर बाढ़ में चारो तरफ से घिरा हुआ था. लेकिन यह घर पूरी तरह से सुरक्षित रहा.
- घर की बालकनी पर परिवार की सांसें अटकी हुई थी. हालांकि पानी कम होने पर परिवार का रेस्क्यू कर लिया गया.
नेपाल की भयानक बाढ़ में बड़े-बड़े पुल और पहाड़ भी ताश के पत्तों की तरह ढह गए थ, तो इस जलप्रलय में मकान और घरों की बिसात ही क्या थी. लेकिन इस भीषण बाढ़ में एक वीडियो ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा था. चारों तरफ मलबे, पत्थरों और उफनते पानी के खौफनाक सैलाब के बीच एक हरे रंग का दो मंजिला मकान सुरक्षित खड़ा रहा. मकान की बालकनी में खड़ा परिवार भी सांसें रोककर खड़ा था. जब बाढ़ का पानी उतरा तो यह मकान पूरी तरह सुरक्षित रहा और परिवार भी बच गया. ऐसे में इसे लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं. क्योंकि इस भीषण बाढ़ में जहां सबकुछ बह गया, लेकिन यह मकान पूरी बाढ़ झेल गया यह बड़ी बात मानी जा रही है.
भोटे कोशी और त्रिशूली नदी के पास वीडियो
दरअसल, 26 अगस्त बुधवार को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर फटने के बाद भोटे कोशी और त्रिशूली नदी घाटियों में अचानक भीषण बाढ़ आ गई. पानी इतनी तेजी से आया कि नदी किनारे बसे पक्के मकान और बड़े-बड़े पेड़ ताश के पत्तों की तरह बह गए. लेकिन मलबे के भीषण प्रहार को झेलते हुए हरे रंग का एक मकान अडिग खड़ा था, हैरान करने वाली बात यह थी कि मकान की दूसरी मंजिल की बालकनी में परिवार के सदस्य बेबसी से पानी के शांत होने का इंतजार कर रहे थे. यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हुआ था. बाढ़ के पानी को देखते हुए परिवार के बचने की उम्मीद कम थी, लेकिन भगवान ने चमत्कार किया और सभी सुरक्षित बच गए.

पानी कम हुआ तो परिवार का हुआ रेस्क्यू
वायरल वीडियो सामने आने के बाद हर कोई इस परिवार के सलामती की प्रार्थना कर रहा था. क्योंकि बाढ़ का पानी ज्यादा होने की वजह से वहां तक पहुंचना मुमकिन नहीं था. सैकड़ों लोगों की जान ले चुकी इस बाढ़ के बीच इस परिवार को बचाना किसी चुनौती से कम नहीं था. पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि नाव ले जाना नामुमकिन था और मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर का तुरंत पहुंचना मुश्किल था. लेकिन जब बाढ़ का पानी कम हुआ तो परिवार को रेस्क्यू किया गया. परिवार को रस्सियों के सहारे बाहर निकाला गया.
नेपाल की बाढ़ में ताश के पत्तों की तरह बहा सबकुछ, सुरक्षित रहा यह हरा घर, देखिए VIDEO#Nepal pic.twitter.com/vvsqL388H5
— NDTV India (@ndtvindia) August 29, 2026
मकान बनाने वाले की भी तारीफ
खास बात यह है कि सोशल मीडिया पर लोग इस मकान बनाने वाली कारीगर की भी तारीफ कर रहे हैं. क्योंकि एक तरफ जहां-जहां बड़ी से बड़ी इमारते पानी में ढह गई. वहीं इस भीषण बाढ़ में भी यह दो मंजिला मकान पूरी तरह से खड़ा रहा. इसलिए लोग मकान बनाने वाले की भी तारीफ कर रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः नेपाल से भारत तक बहकर आ रहे शव, एक ही परिवार के 40 लोग लापता; कुशीनगर में गंडक नदी में मिलीं तीन लाशें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं