NEET-UG paper leak case: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 रद्द होने की जांच अब पूरी तरह केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI के हाथ में पहुंच गई है. CBI की टीम जयपुर SOG मुख्यालय पहुंची. टीम करीब पौने आठ बजे SOG दफ्तर पहुंची जहां अधिकारियों के साथ बैठक जारी है. SOG इस मामले से जुड़े तमाम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पूरी जानकारी CBI को सौंप रही है. CBI ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और अब जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.
कई धाराओं में केस दर्ज
CBI ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और सबूत नष्ट करने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया है. इसके साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और “पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) अधिनियम-2024” के तहत भी अपराध जोड़े गए हैं.
शिक्षा विभाग की ओर से CBI को दी गई शिकायत
शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से CBI को दी गई शिकायत में कहा गया है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की आयोजित की गई थी. परीक्षा के बाद एजेंसी को कई शिकायतें और खुफिया इनपुट मिले, जिनमें आशंका जताई गई कि परीक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज परीक्षा आयोजित होने से पहले ही अनधिकृत रूप से प्रसारित कर दिए गए थे.
क्या 15 लोगों को CBI ले जाएगी दिल्ली
SOG ने पिछले कई दिनों में जयपुर, जमवारामगढ़, सीकर समेत कई जिलों में लगातार छापेमारी कर करीब 15 लोगों को पकड़ा था. बताया जा रहा है कि इस मामले में पकड़े गए आरोपियों को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा. वहां उनसे पेपर लीक नेटवर्क, गैस पेपर तैयार करने, उसे सर्कुलेट करने और अभ्यर्थियों तक पहुंचाने की पूरी कड़ी को लेकर पूछताछ होगी. हालांकि सबसे बड़ा सवाल यही है कि इनमें से कितने आरोपियों को CBI को हैंडओवर किया जाएगा और इस पूरे नेटवर्क में किन लोगों की क्या भूमिका रही.
प्रारंभिक जांच और मिले इनपुट्स के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. इसी को देखते हुए केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंपने का निर्णय लिया. अब एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित पेपर लीक किस स्तर तक फैला था इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या यह संगठित नेटवर्क के जरिए संचालित किया गया.
CBI की पड़ताल
CBI ने जांच के लिए विशेष टीमें गठित की हैं जिन्हें कई राज्यों में भेजा गया है. एजेंसी परीक्षा केंद्रों, तकनीकी नेटवर्क, संदिग्ध अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है.
इस बीच पत्रकारों ने जब CBI अधिकारियों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया. वहीं SOG के अधिकारी भी फिलहाल जांच चल रही का हवाला देते हुए बयान देने से बच रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः NEET पेपर लीक की पीड़ा: मेरे लिए पापा ने केवल दुकान ही नहीं बंद की थी, अपना वजूद दांव पर लगा दिया था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं