विज्ञापन

संसद ठप लेकिन सड़कों पर संग्राम.. पटना से लेकर बेंगलुरु तक देखें ऐसे सीन, वीडियो

नीट परीक्षा को लेकर दिल्ली में शुरू हुआ विरोध अब राष्ट्रीय राजनीतिक टकराव में बदल गया है. राहुल गांधी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं. कई राज्यों में प्रदर्शन हुए जबकि कुछ जगहों पर हिंसा और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं.

संसद ठप लेकिन सड़कों पर संग्राम.. पटना से लेकर बेंगलुरु तक देखें ऐसे सीन, वीडियो
कांग्रेस-बीजेपी के कई राज्यों में प्रदर्शन हुए कुछ जगहों पर हिंसा और पथराव की घटनाएं भी हुई है.

नीट परीक्षा को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन अब देशव्यापी राजनीतिक मुद्दा बन गया है. मंगलवार को कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को हिरासत में ले लिया.

राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की हिरासत के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया. कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया जबकि बीजेपी ने प्रदर्शन को अनुचित करार दिया. इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में दोनों दलों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए.

कई राज्यों में बीजेपी का विरोध प्रदर्शन

दिल्ली की घटना के विरोध में बीजेपी ने कई राज्यों में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया. पंजाब के चंडीगढ़ में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध जताया. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कांग्रेस पर निशाना साधा. राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की. उत्तराखंड के देहरादून में भी इसी मुद्दे पर बीजेपी ने प्रदर्शन किया.

पटना में प्रदर्शन के दौरान हिंसा और पथराव

सबसे अधिक तनाव बिहार की राजधानी पटना में देखने को मिला. यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. इस दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया और पथराव की घटनाएं सामने आईं. प्रदर्शन के दौरान हिंसा होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई जिसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. पटना की घटना ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है. प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

हैदराबाद में आमने-सामने बीजेपी और कांग्रेस 

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई. यहां बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच लाठी चलने और पथराव की घटनाएं सामने आईं. बताया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता एमएलसी वेंकट बालमूर के नेतृत्व में बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया. पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा.

रायपुर और गुजरात में भारी पुलिस बल तैनात

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया. वहीं गुजरात में भी कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता जुटे. किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और भारी सुरक्षा बल तैनात किया.

मुंबई और केरल में भी दिखा विरोध

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं की हिरासत का विरोध किया. बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया.

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने केपीसीसी कार्यालय तक मार्च निकाला. बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश की.

तमिलनाडु में छात्रों के समर्थन में उतरी एसएफआई

तमिलनाडु में छात्र संगठन एसएफआई भी इस मुद्दे पर सक्रिय नजर आया. संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में रैली निकाली और धरना दिया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

नीट परीक्षा को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब छात्रों के मुद्दे से आगे बढ़कर बड़े राजनीतिक संघर्ष का रूप ले चुका है. राहुल गांधी की हिरासत के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच टकराव कई राज्यों तक फैल गया है. कुछ स्थानों पर हिंसा और पथराव की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें- 152 पेपर लीक, साढ़े 7 करोड़ छात्रों पर असर, मगर सजा किसी को नहीं, बोले राहुल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Controversy, Rahul Gandhi Detained, Congress Protests, BJP Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com