विज्ञापन

भारत अब दुनिया की बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार... इटली के राजदूत ने PM मोदी और मेलोनी की दोस्ती पर क्या कहा

NDTV World Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित NDTV World Summit 2026 के दौरान एनडीटीवी के आदित्य राज कौल से बातचीत में बार्टोली ने भारत-इटली संबंधों, वैश्विक व्यापार मार्गों, पश्चिम एशिया की स्थिति और भारत की शांति स्थापना की भूमिका पर खुलकर बात की.

भारत अब दुनिया की बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार... इटली के राजदूत ने PM मोदी और मेलोनी की दोस्ती पर क्या कहा
NDTV

बदलती वैश्विक व्यवस्था, सप्लाई चेन की चुनौतियों और भारत की बढ़ती कूटनीतिक भूमिका के बीच इटली के राजदूत एंटोनियो बार्टोली ने कहा है कि भारत अब सिर्फ घटनाओं को देखने वाला देश नहीं रह गया है, बल्कि वैश्विक मंच पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत और इटली के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और आने वाले सालों में यह साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी.

नई दिल्ली में आयोजित NDTV World Summit 2026 के दौरान एनडीटीवी के आदित्य राज कौल से बातचीत में बार्टोली ने भारत-इटली संबंधों, वैश्विक व्यापार मार्गों, पश्चिम एशिया की स्थिति और भारत की शांति स्थापना की भूमिका पर खुलकर बात की.

जब उनसे उन रिपोर्टों के बारे में पूछा गया जिनमें कहा गया है कि फ्रांस और इटली तेहरान के साथ होर्मुज क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन को लेकर बातचीत कर रहे हैं, साथ ही यह भी कि बदलती वैश्विक सप्लाई चेन के दौर में क्या India-Middle East-Europe Economic Corridor (IMEC) पर आगे बढ़ने का क्या यह सही समय है, तो उन्होंने कहा कि बातचीत ही समस्याओं का समाधान निकालने का सबसे प्रभावी तरीका है.

राजदूत बार्टोली ने कहा, "हम हर सरकार से बातचीत करते हैं. यहां तक कि उनसे भी जो हमारी आलोचना करते हैं. हम किसी सभ्यता या देश को खारिज करने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि संवाद को प्राथमिकता देते हैं." 

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ऐसे व्यापारिक या परिवहन मार्गों पर टैरिफ जैसी बाधाएं लगनी चाहिए.

पीएम मोदी-मेलोनी की केमिस्ट्री ने बढ़ाया भरोसा

भारत और इटली के द्विपक्षीय संबंधों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के चर्चित 'मेलोडी' मोमेंट पर पूछे गए सवाल के जवाब में बार्टोली ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच अच्छे संबंध हैं और यही आपसी विश्वास दोनों देशों की साझेदारी को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है.

उन्होंने कहा कि भारत और इटली सिर्फ राजनीतिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग सहित कई क्षेत्रों में रिश्तों को आगे ले जाना चाहते हैं. उनके मुताबिक दोनों देशों के बीच संबंध सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह एक रिजल्ट-ओरिएंटेड पार्टनरशिप है. इसका मकसद ठोस नतीजे हासिल करना है.

बार्टोली ने कहा कि इटली यूरोप के प्रमुख औद्योगिक शक्ति केंद्रों में से एक है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने भारत के साथ दीर्घकालिक आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी की इच्छा भी जताई है.

विश्व में शांति के लिए भारत की भूमिका की सराहना

राजदूत बार्टोली ने वैश्विक संघर्षों और शांति प्रयासों के संदर्भ में भारत की भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में दुनिया ने देखा है कि भारत लगातार शांति और संवाद की दिशा में आगे बढ़ा है. भारत ने कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर संतुलित रुख अपनाते हुए बातचीत और कूटनीतिक समाधान को बढ़ावा दिया है.

उन्होंने कहा, "भारत अब सिर्फ एक दर्शक नहीं है. वह गुटनिरपेक्षता से आगे बढ़कर मल्टी अलाइनमेंट की दिशा में बढ़ रहा है. भारत अब सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है. हालांकि बड़ी भूमिका के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है. हम भारत की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति का स्वागत करते हैं."

यह भी पढ़ें: AI नहीं खा सकता आपकी नौकरी, बस करना होगा ये काम, टेक दिग्गज Andrew Ng ने किया दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTVWorldSummit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com