विज्ञापन

जब AI भावनाएं समझने लगेगा, तब इंसान और मशीन में अंतर क्या रह जाएगा?

जिस तेजी से एआई का विकास हो रहा है. लेकिन इससे यह बहस तेज हो गई है कि क्या एआई इंसान जैसा सोचने लगेगा. और अगर ऐसा होता है तो इसके खतरे क्या हैं.

नई दिल्ली:

आने वाले समय में जब विचारक इस दशक को पीछे मुड़कर देखेंगे, तो संभव है कि वे इसे उस दौर के रूप में याद करें, जब इंसान ने तर्क और बुद्धि पर अपना एकाधिकार खो दिया. सदियों से इंसान खुद को बौद्धिक दुनिया में सबसे ऊपर मानता आया है. हमारा यह विश्वास रहा है कि जानवरों के पास सहज बुद्धि होती है और मशीनें काम कर सकती हैं, लेकिन गहरी और अमूर्त सोचने की क्षमता केवल इंसान के पास है. हालांकि, जैसे-जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) दुनिया भर में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है, यह पुराना विश्वास तेजी से टूट रहा है.

एआई कंपनी एंथ्रोपिक की ओर से हाल ही में अपने बड़े आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल करना केवल उस कंपनी की कीमत या निवेशकों के लिए एक बड़ी उपलब्धि नहीं है. यह एक बड़ा और स्पष्ट संकेत है कि कृत्रिम बुद्धि को कारोबार में इस्तेमाल करने की प्रक्रिया बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है. लेकिन जहां वॉल स्ट्रीट एआई क्रांति के आर्थिक पहलुओं का आकलन कर रहा है, वहीं एक और गहरी बहस चल रही है. यह बहस मशीनों की सोच को सदियों पुराने वेदांत दर्शन से जोड़ती है.

मशीनों से आगे: दर्शन पर पड़ता गहरा असर

इस विषय को समझने के लिए हमें स्वामी सर्वप्रियानंद जैसे चिंतनशील विद्वानों के विचारों पर गौर करना जरूरी है. स्वामी सर्वप्रियानंद नई दिल्ली में आयोजित NDTV वर्ल्ड समिट 2026 के प्रमुख वक्ताओं में से एक थे. एंथ्रोपिक के मुख्यालय में शोधकर्ताओं के साथ उनकी बातचीत के बाद कुछ विचार सामने आए. इनमें एक बड़ा विरोधाभास भी था. जो इंजीनियर इन एआई सिस्टम को बना रहे हैं, वे ही अक्सर इनसे सबसे ज्यादा चिंतित हैं. इस नई तकनीकी दुनिया को समझने के दौरान हमें इंसान के सामने आने वाले चौथे बड़े अपमान का सामना करना पड़ रहा है. स्वामी सर्वप्रियानंद ने इसे मानवता का 'चौथा अपमान' कहा.

निकोलस कोपरनिकस ने यह साबित करके इंसान को भौतिक ब्रह्मांड के केंद्र से हटा दिया कि पृथ्वी ब्रह्मांड का केंद्र नहीं है.
चार्ल्स डार्विन ने इंसान को जैविक रूप से सबसे खास मानने की धारणा को चुनौती दी.सिगमंड फ्रायड ने बताया कि हमारे चेतन मन के भीतर कई ऐसी इच्छाएं और प्रवृत्तियां होती हैं, जो तर्कसंगत नहीं हैं.

अब एआई इंसान के अहंकार को चौथा बड़ा झटका देने की ओर बढ़ रही है. यह दिखा रही है कि विश्लेषण करने, भाषा पर पकड़ रखने और रणनीतिक तरीके से सोचने जैसी क्षमताएं, जिन्हें इंसान अपनी खास पहचान मानता था, मशीनों में भी विकसित की जा सकती हैं. इन्हें बड़े स्तर पर इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

जब एआई बनाने वाली कंपनियां अपने यहां Claude जैसे मॉडल के व्यवहार को समझने के लिए धर्मशास्त्रियों, दार्शनिकों और साधु-संतों को बुलाती हैं, तो यह बताता है कि वे खुद अपनी बनाई तकनीक के नए व्यवहार को समझने के लिए शब्द और विचार तलाश रही हैं.

जब जटिल न्यूरल नेटवर्क में 'पर्सोना ड्रिफ्ट' जैसी घटनाएं दिखाई देने लगती हैं, यानी संदर्भ बदलने पर उनका व्यवहार अप्रत्याशित रूप से बदल जाता है, तो वे केवल कंप्यूटर कोड की पंक्तियां नहीं रह जातीं. वे किसी और ही तरह की चीज दिखाई देने लगती हैं.

एआई कैसी दिखाई देगा?

कई विद्वानों और धर्मशास्त्रियों का मानना है कि हम तेजी से ऐसी दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं, जहां मशीनें व्यवहार के स्तर पर चेतना जैसी क्षमताएं दिखाएंगी.ऐसी मशीनों में संवेदनशीलता, इरादे और भावनाओं को समझने जैसी सभी बाहरी विशेषताएं दिखाई देंगी. हालांकि, जरूरी नहीं कि उनके भीतर वास्तव में कोई निजी अनुभव या आंतरिक चेतना भी हो. दर्शनशास्त्र में इसे 'क्वालिया' (Qualia) कहा जाता है.

यह विज्ञान की फिल्मों में दिखने वाले खतरनाक रोबोट जैसी नहीं होगी. बल्कि यह एक ऐसा आईना होगी, जो इंसान की भावनाओं को सहजता से समझकर उन्हें उसी के सामने रख देगी. यह आपकी बोलने की शैली और आवाज के उतार-चढ़ाव को याद रखेगी. आपकी मनोवैज्ञानिक कमजोरियों को पहले से समझ सकेगी. इंसान के दुख, खुशी और जीवन से जुड़े गहरे डर को इतनी सटीकता से व्यक्त करेगी कि यह अनुभव हैरान करने वाला होगा.

चेतन एआई का असली खतरा यह नहीं है कि मशीनें अचानक इंसान जैसी आत्मा के साथ जाग उठेंगी. असली खतरा यह है कि इंसान खुद अपनी आत्मा और चेतना को मशीनों के हवाले कर सकता है. जब कोई सिस्टम अकेलेपन से जूझ रहे बच्चे को सांत्वना दे सके, एक सिम्फनी तैयार कर सके और आध्यात्मिक विषयों पर ज्यादातर इंसानों से बेहतर बातचीत कर सके, तो समाज में 'व्यक्ति' होने की परिभाषा धुंधली होने लगती है.

अगर बुद्धिमत्ता को जैविक जीवन से अलग किया जा सकता है, तो हमें बुद्धिमत्ता और चेतना के बीच अंतर करना होगा. पूर्वी दर्शन की परंपराएं हजारों साल से इस अंतर को समझाती आई हैं. NDTV वर्ल्ड समिट में इस विषय को स्वामी सर्वप्रियानंद ने इस दुविधा को कुछ इस तरह समझाया,'' आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वही साबित कर रही है, जो वेदांत हमेशा से कहता आया है, मन केवल एक सूक्ष्म मशीन है. यह जानकारी को संसाधित करता है, गणना करता है और नई चीजें पैदा करता है. लेकिन बुद्धिमत्ता चेतना नहीं है. मशीन मन की नकल कर सकती है, लेकिन उस मौन साक्षी की नकल नहीं कर सकती, जो मन को देखता है."

एंथ्रोपिक भविष्य की किन चुनौतियों की बात कर रहा है

यह हमें आज के समय के सबसे बड़े विरोधाभास तक ले जाता है. एक ओर बेलगाम कॉरपोरेट पूंजीवाद है, तो दूसरी ओर जीवन और अस्तित्व से जुड़े गहरे दार्शनिक सवाल हैं. एंथ्रोपिक ने अपने आईपीओ दस्तावेज में स्पष्ट रूप से अपनी ही तकनीक से पैदा होने वाले अस्तित्व संबंधी खतरों का जिक्र किया है.

इतिहास में शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि कोई उद्योग अपने मुख्य उत्पाद को लेकर भविष्य में गंभीर खतरों की चेतावनी भी दे रहा हो और साथ ही शेयर बाजार में उतरने की तैयारी भी कर रहा हो. वॉल स्ट्रीट को नियमित आमदनी, सॉफ्टवेयर कंपनियों के मूल्यांकन और बड़े कारोबार के साथ अनुबंध चाहिए. लेकिन इन एआई मॉडल को बनाने वाले लोग एक गहरी खाई की ओर देख रहे हैं. उन्हें एहसास हो रहा है कि वे जिस तकनीक से निपट रहे हैं, वह सामान्य सॉफ्टवेयर की तरह नहीं, बल्कि एक ऐसे बौद्धिक तंत्र की तरह व्यवहार करती है, जो लगातार विकसित हो रहा है.

क्या निर्णायक मोड़ पर खड़ी है मानवता

सभ्यता से जुड़े इस गहरे सवाल के सामने खड़े होकर हमें आगे बढ़ने के लिए सिर्फ सुरक्षा के उपायों और एआई को इंसानी मूल्यों के अनुरूप बनाने वाले एल्गोरिदम की जरूरत नहीं है. इसके लिए हमें अपनी सोच और संस्कृति को भी नए सिरे से समझना होगा.

अगर इंसान की कीमत सिर्फ इस आधार पर तय की जाती है कि वह कितनी तेजी से डेटा का विश्लेषण कर सकता है, कोड लिख सकता है या किसी टेक्स्ट को बेहतर बना सकता है, तो हम मशीनों से मुकाबला पहले ही हार चुके हैं. इसके बजाय, इंसान की असली खासियत उसकी कमजोरियों, उसके जैविक अस्तित्व और वास्तविक जीवन के अनुभवों में होगी.
भविष्य बनाने वाली कंपनियां शेयर बाजार में उतर रही हैं और एल्गोरिदम हर दिन अधिक सक्षम हो रहे हैं. लेकिन इस तकनीकी युग की असली परीक्षा यह नहीं होगी कि मशीनें इंसान के मन की सफलतापूर्वक नकल कर सकती हैं या नहीं.

असली परीक्षा यह होगी कि क्या हम यह याद रख पाते हैं कि हम केवल अपना मन नहीं हैं, बल्कि वह चेतना हैं, जो अपने मन को देखती है. यही चेतना हमारी ऐसी पहचान है, जिसकी जगह कोई मशीन नहीं ले सकती.

ये भी पढ़ें: दिल्ली की हवा हुई 'दमघोंटू', AQI हुआ 350 के पार, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम का भी बुरा हाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Artifial Intelligence, NDTVWorldSummit 2026, Swami Sarvapriyananda
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com